पाली में श्रद्धा और उल्लास के साथ हुआ ‘झूलेलाल धाम’ का भव्य लोकार्पण, सैकड़ों श्रद्धालु रहे मौजूद

पाली : सिंधी कॉलोनी स्थित सिंधु भवन में रविवार को अपार श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के वातावरण में ‘झूलेलाल धाम’ का भव्य उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया। इस पावन अवसर पर झूलेलाल भगवान के 26वें वंशज ठकुर सांई मनीषलाल साहिब (सांई भरूचवारा) मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके कर-कमलों द्वारा विधिवत रूप से झूलेलाल धाम का शुभ लोकार्पण किया गया।
हेमन्त तनवानी ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 8 बजे हुआ। सिंधी कॉलोनी पहुंचने पर समाज के प्रबुद्धजनों एवं श्रद्धालुओं ने सांई मनीषलाल साहिब का भावभीना स्वागत किया। इसके पश्चात वैदिक मंत्रोच्चार के बीच फीता काटकर नवनिर्मित धाम को जनसाधारण के लिए समर्पित किया गया।
सिंधी समाज सेवा समिति के अध्यक्ष राजेश पुरशवानी ने बताया कि समारोह के दौरान विद्वान पंडितों के सानिध्य में विशेष वैदिक हवन-पूजन का आयोजन किया गया, जिसमें आहुतियां अर्पित कर विश्व कल्याण की कामना की गई। सायंकाल को बहिराणा साहिब का आयोजन हुआ, जिसमें समाज की सैकड़ों महिला-पुरुषों ने श्रद्धा के साथ भाग लिया। भजनों और स्तुति-गायन से पूरा परिसर आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर हो गया।
झूलेलाल धाम के आमंत्रण पर भरूच, बड़ोदरा, आगरा, गोधरा, डीसा, जयपुर, अहमदाबाद, भीलवाड़ा सहित कई शहरों से आए अतिथियों ने धाम का दर्शन कर पाली के सिंधी समाज के संगठन और पुरुषार्थ की मुक्तकंठ से सराहना की।
कार्यक्रम की पूर्णाहुति पर सांई मनीषलाल साहिब ने झूलेलाल भगवान से हिंदू समाज की खुशहाली और समृद्धि की प्रार्थना की। इसके पश्चात विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें सभी श्रद्धालुओं ने प्रेमपूर्वक प्रसादी ग्रहण की।
इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में राजेश पुरशवानी, ललित प्रीतमानी (उपमहापौर नगर निगम पाली), कोकिला नारवानी, नथूमल गंगवानी, दिलीप करमचंदानी, टिकमदास वासवानी, नरेश चंगलानी, जय थावानी, खुशलदास चंदनानी, लक्ष्मण हीरानंदानी, तिलोकचंद तनवानी, रमेश थावानी, अशोक भागवानी (बाबा साहेब), देवीदास चंदानी, सुरेन्द्र निहलानी, प्रकाश सिरवानी, राधाकिशन शिवनानी, महेश हेमलानी, लोकेश अमरनानी, राजेश वासवानी, प्रकाश आडवाणी, मनोज तनवानी, चंद्रप्रकाश साधवानी, मनोज सोमाई, जितेंद्र रामचंदानी, हरीश आसनानी, संजय मोहनानी, किशोर सोमनानी, जय जसवानी सहित समस्त सिंधी समाज, युवा शक्ति एवं महिला मातृशक्ति का सराहनीय सहयोग रहा।



