एनएच-62 पर अवैध डीजल भंडारण का भंडाफोड़, 7 हजार लीटर से अधिक पेट्रोलियम पदार्थ व पिकअप जब्त

पाली : जिले में पेट्रोलियम पदार्थ के अवैध भंडारण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रशासन एवं पुलिस ने संयुक्त अभियान में भारी मात्रा में डीजलनुमा पदार्थ बरामद किया है। रविवार को पुलिस से प्राप्त सूचना के आधार पर जिला रसद अधिकारी कमल कुमार पंवार एवं प्रवर्तन अधिकारी जितेन्द्र सिंह अशिया द्वारा नेशनल हाईवे एनएच-62 पर सुमेरपुर तहसील क्षेत्र में सिन्दरू सरहद, जोधपुर-बाड़मेर मार्ग स्थित होटल व गुरुद्वारों के पास कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान मौके पर खड़ी पिकअप वाहन संख्या आरजे-24-जीए-5292 में 6 ड्रम तथा वाहन के पास रखा 1 अतिरिक्त ड्रम पाया गया। जांच में इन ड्रमों में कुल 1240 लीटर डीजल जैसा पेट्रोलियम पदार्थ भरा होना प्रतीत हुआ।
इसी क्रम में अधिकारियों द्वारा कालिया मगरा बरसाती नाला, दुजाना सरहद क्षेत्र में स्थित खेत के पास सरकारी भूमि पर खुले में बिखरे हुए ड्रमों की जांच की गई, जहां 31 ड्रमों में लगभग 5960 लीटर समान पेट्रोलियम पदार्थ बरामद किया गया। मौके पर कोई मालिक अथवा संचालक उपस्थित नहीं मिला, जिस पर पुलिस द्वारा अनुसंधान प्रारंभ किया गया है।
इस प्रकार कुल 38 ड्रमों में लगभग 7200 लीटर पेट्रोलियम पदार्थ सहित पिकअप वाहन को जब्त कर अग्रिम आदेश तक सुरक्षित रखने के लिए पुलिस निरीक्षक, थाना साण्डेराव को सुपुर्द किया गया। साथ ही प्रत्येक स्थान से 1-1 लीटर के नमूने कंटेनरों में लेकर एल्यूमिनियम बॉक्स में सील कर एफएसएल जांच हेतु भिजवाए जा रहे हैं। प्रकरण में आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 के तहत दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



