google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

13 से 17 फरवरी तक साण्डेराव में सजेगा श्री निम्बेश्वर महादेव पशु मेला 2026, कलेक्टर एलएन मंत्री ने तैयारियों को लेकर दिए सख्त निर्देश

पाली : श्री निम्बेश्वर महादेव पशु मेला 2026 के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर सोमवार को जिला कलेक्टर एलएन मंत्री की अध्यक्षता में उनके कक्ष में जिला स्तरीय समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर ने मेला आयोजन से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में बताया गया कि 13 से 17 फरवरी तक आयोजित होने वाला यह ऐतिहासिक पशु मेला साण्डेराव (सुमेरपुर) में आयोजित किया जाएगा। मेले का शुभारंभ 13 फरवरी को प्रातः 11 बजे झंडारोहण के साथ किया जाएगा। मेले के दौरान पुंगनूर, गिर, कांकरेज, थारपारकर एवं शंकर नस्ल के श्रेष्ठ पशुओं की भव्य प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी।

14 फरवरी को अश्व एवं ऊँट नृत्य-श्रृंगार प्रतियोगिता, रस्साकस्सी, साफा, मूंछ, गोडवाड़ केसरी, गोडवाड़ सुंदरी एवं बेस्ट गोडवाड़ कपल प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी, वहीं सायंकालीन सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे।
15 फरवरी को मारवाड़ी अश्व प्रतियोगिता एवं भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा।
16 फरवरी को गाय, भैंस, ऊँट, भेड़ एवं बकरी प्रतियोगिताओं के साथ सायं 7 से 10 बजे तक सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।
मेले के अंतिम दिन 17 फरवरी को पारितोषिक वितरण के साथ मेले का समापन किया जाएगा।

बैठक में जिला कलेक्टर ने पुलिस विभाग को सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था, पशुपालकों के लिए रियायती दरों पर भोजन व्यवस्था, मुख्य चिकित्सा अधिकारी को तीन पारियों में 24 घंटे चिकित्सा सेवाएं, डिस्कॉम को निर्बाध विद्युत आपूर्ति, पीडब्ल्यूडी को मेला मार्गों की व्यवस्था तथा जलदाय विभाग को आमजन एवं पशुओं के लिए स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

इसके अलावा जिला शिक्षा अधिकारी को स्वागत गीत एवं उद्घोषक व्यवस्था, सरस डेयरी प्रबंधक को सरस पशु आहार की उपलब्धता, लीड बैंक प्रबंधक को मोबाइल बैंकिंग सुविधा, कृषि विभाग को कृषि आदान स्टॉल एवं विभागीय प्रदर्शनी तथा पर्यटन विभाग को सांस्कृतिक कार्यक्रमों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

नगर पालिका सुमेरपुर एवं खुडाला-फालना को मेला स्थल पर साफ-सफाई, शौचालय एवं अग्निशमन वाहनों की समुचित व्यवस्था के निर्देश दिए गए। साथ ही उप निदेशक पशु चिकित्सालय सुमेरपुर को ब्लॉक में उपलब्ध उन्नत नस्ल के पशुओं की सूची तैयार कर उन्नत पशुपालकों को मेले में भागीदारी के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में बाली अतिरिक्त जिला कलेक्टर शैलेन्द्र सिंह, मुख्य कार्यकारी अधिकारी मुकेश चौधरी, पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. मनोज पंवार सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button