अमृत भारत स्टेशन योजना से बदलेगा जोधपुर सिटी स्टेशन का चेहरा, 90% तैयार हुई मल्टी लेवल पार्किंग, जाम और अव्यवस्था से मिलेगी राहत

जोधपुर : अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत जोधपुर सिटी रेलवे स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। यात्रियों की सुविधा, यातायात सुधार और स्टेशन क्षेत्र के समग्र विकास को ध्यान में रखते हुए भगत की कोठी साइड में निर्माणाधीन मल्टी लेवल कार पार्किंग (एमएलसीपी) का लगभग 90 प्रतिशत ढांचागत निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है। इसके पूर्ण होते ही स्टेशन क्षेत्र में वर्षों से चली आ रही पार्किंग समस्या और यातायात जाम से यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि उत्तर पश्चिम रेलवे द्वारा जोधपुर रेलवे स्टेशन का करीब 474 करोड़ रुपये की लागत से मेगा पुनर्विकास किया जा रहा है। इस परियोजना के अंतर्गत स्टेशन के भगत की कोठी साइड (ओलंपिक रोड) तथा राईका बाग साइड (हरीश जोशी मार्ग) पर दो अलग-अलग मल्टी लेवल कार पार्किंग विकसित की जा रही हैं।

उन्होंने बताया कि दोनों पार्किंग भवन ग्राउंड प्लस चार मंजिला होंगे, जिनमें कुल मिलाकर लगभग 1500 वाहनों की पार्किंग सुविधा उपलब्ध होगी। इनमें करीब 650 कारों एवं 1050 दोपहिया वाहनों को एक साथ पार्क किया जा सकेगा। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए भगत की कोठी साइड स्थित एमएलसीपी में दो लिफ्टों की व्यवस्था की गई है, जिनकी संख्या भविष्य की जरूरत के अनुसार बढ़ाई जा सकेगी।
डीआरएम ने बताया कि इन मल्टी लेवल पार्किंग के चालू होने से स्टेशन के बाहर सड़कों पर खड़े वाहनों की संख्या में भारी कमी आएगी, जिससे यातायात व्यवस्था अधिक सुचारू और सुरक्षित बनेगी। साथ ही यात्रियों को सुव्यवस्थित, सुरक्षित और सुविधाजनक पार्किंग उपलब्ध होगी, जिससे स्टेशन परिसर के सौंदर्यीकरण और आधुनिक स्वरूप को भी मजबूती मिलेगी।

उन्होंने बताया कि भगत की कोठी साइड स्थित मल्टी लेवल कार पार्किंग को मार्च 2026 तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जबकि राईका बाग साइड की एमएलसीपी जनवरी 2027 तक तैयार किए जाने की योजना है। वर्तमान में राईका बाग साइड की पार्किंग का लगभग 15 प्रतिशत ढांचागत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है।



