जगदम्बा नगर स्थित माँ आशापुरा स्कूल में रंगारंग वार्षिकोत्सव, प्रतिभा सम्मान और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन

पाली : शहर के जगदम्बा नगर स्थित माँ आशापुरा उच्च माध्यमिक विद्यालय में वार्षिकोत्सव एवं प्रतिभा सम्मान समारोह का भव्य और रंगारंग आयोजन किया गया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, प्रेरक उद्बोधनों और मेधावी विद्यार्थियों के सम्मान के साथ कार्यक्रम उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।
विद्यालय की व्यवस्थापिका भावना शेखावत ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि संयुक्त निदेशक स्कूल शिक्षा मंडल पाली एवं मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी ओम प्रकाश मीणा रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि कठिन परिश्रम और अनुशासन से सफलता निश्चित रूप से प्राप्त होती है। उन्होंने विद्यार्थियों से लक्ष्य निर्धारित कर श्रेष्ठ अंक अर्जित कर अपने विद्यालय व परिवार का नाम रोशन करने का आह्वान किया।

मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी दिलीप कर्मचंदानी ने कहा कि आज का विद्यार्थी यदि मोबाइल जैसी भटकाने वाली चीजों से दूर रहकर नियमित अध्ययन करे, तो उसे सफलता प्राप्त करने से कोई नहीं रोक सकता।
कार्यक्रम को जिला शिक्षा अधिकारी प्रारंभिक/माध्यमिक राहुल कुमार राजपुरोहित, अतिरिक्त जिला परियोजना समन्वयक (समग्र शिक्षा) जोधपुर हिम्मत सिंह तंवर, एडीईओ प्रारंभिक शिक्षा तेज सिंह पंवार, एडीईओ माध्यमिक शिक्षा प्रवीण जांगिड़, कार्यक्रम अधिकारी समसा कल्याण सिंह टेवाली, शक्ति सिंह तंवर, प्रधानाचार्य मणिहारी, भगवान सिंह अध्यापक सोनाइ मांझी एवं शिक्षा विभागीय मंत्रालयिक कर्मचारी संघ पाली के मीडिया प्रभारी विक्रम सिंह परिहार ने भी संबोधित किया।

राजस्थानी गीतों पर झूमे दर्शक
वार्षिकोत्सव के दौरान विद्यार्थियों ने जय जय राजस्थान, चूड़ी गजरो हरियालो, घूमर, नगाड़ा संग ढोल बाजे, हवा हवाई, देश की धरती, ये जो केसरी के लाल, रेशम की कुर्ती, बुमरो-बुमरो सहित अनेक गीतों पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं पूर्व विद्यार्थी एवं प्रसिद्ध भजन गायिका अनिता जांगिड़ ने वीर रस से ओतप्रोत भजन प्रस्तुत कर देशभक्ति का माहौल बना दिया।
कार्यक्रम का संचालन गणपत पन्नू एवं दीपक जावा ने किया। समारोह के दौरान जगदम्बा नगर, राजेंद्र नगर एवं अंबेडकर नगर के नागरिकों को नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश भी दिया गया।

ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर माँ आशापुरा शिक्षण समिति अध्यक्ष रघुनाथ पुरी, जीता राम, कमल सिंह, दिनेश कुमार, धनश्याम, विक्रम सिंह, भुवनेश, जयपाल, हेमंत सिंह चौहान, पूजा प्रजापत, रेखा बोराणा, डिम्पल खन्ना, किरण, नीतू गहलोत, पूजा सैन, सलोनी शर्मा सहित बड़ी संख्या में अभिभावक व मोहल्लेवासी मौजूद रहे।



