google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

मानसिक विमंदित बच्चों के पुनर्वास गृह का विधिक सेवा प्राधिकरण ने किया निरीक्षण, व्यवस्थाएं पाई गईं संतोषजनक

पाली : राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देशानुसार सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (अपर जिला न्यायाधीश) पाली विक्रम सिंह भाटी ने बुधवार को रिद्धी सिद्धी सेवा संस्थान द्वारा संचालित मानसिक विमंदित पुनर्वास गृह, रामासिया का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पुनर्वास गृह में मानसिक विमंदित बच्चों के लिए उपलब्ध सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन किया।

सचिव भाटी ने भोजन एवं पेयजल व्यवस्था, चिकित्सा सुविधाएं, सुरक्षा प्रबंधन तथा बच्चों के पुनर्वास की प्रक्रिया के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान रसोईघर, आवासीय कक्ष, स्नानघर एवं शौचालयों की स्वच्छता तथा मौसम के अनुरूप की गई व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। पुनर्वास गृह में बच्चों को संतुलित एवं पौष्टिक आहार उपलब्ध करवाया जा रहा है।

पुनर्वास गृह की केयरटेकर निकी सागर ने बताया कि संस्थान में मानसिक विमंदित बच्चों को निःशुल्क आवास, भोजन, शिक्षण एवं योगा जैसी सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं, जिससे उनके शारीरिक एवं मानसिक विकास में सहायता मिल रही है।

निरीक्षण के दौरान सचिव भाटी ने बच्चों के पुनर्वास की प्रगति की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि सभी सुविधाओं की पहुंच बच्चों तक सुगम बनाई जाए, नियमित रूप से चिकित्सकीय जांच करवाई जाए तथा बच्चों की रुचि के अनुसार विभिन्न रचनात्मक व शैक्षणिक गतिविधियों का आयोजन सुनिश्चित किया जाए।

इस अवसर पर इंटर्नशिप प्रशिक्षण कार्यक्रम–2026 के अंतर्गत पाली जिले में प्रशिक्षण प्राप्त करने आए विधि विद्यार्थी पुनित गोरा को भी केंद्र प्रबंधक द्वारा संस्थान की कार्यप्रणाली, पुनर्वास प्रक्रिया एवं उपलब्ध सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। निरीक्षण के दौरान केयरटेकर निकी सागर, जीवनराम, इंटर्नशिप विधि विद्यार्थी पुनित गोरा सहित संस्थान का स्टाफ उपस्थित रहा।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button