पाली में पुरस्कृत शिक्षक फोरम के बाड़मेर जिलाध्यक्ष सालगराम परिहार का भव्य सम्मान, समाजोत्थान में शिक्षकों की भूमिका पर हुआ मंथन

पाली : पुरस्कृत शिक्षक फोरम के बाड़मेर जिलाध्यक्ष सालगराम परिहार के पाली आगमन पर कलेक्ट्रेट स्थित वाटिका में वरिष्ठ नागरिक सेवा संस्थान एवं वरिष्ठजनों द्वारा उनका गरिमामयी सम्मान किया गया। इस अवसर पर संस्थान के अध्यक्ष लखपतराज सिंघवी सहित वरिष्ठ नागरिकों ने साफा पहनाकर, माल्यार्पण कर एवं साहित्य भेंट कर उनका अभिनंदन किया।
संस्थान के महासचिव कैलाश चंद्र शर्मा ने बताया कि बाड़मेर जिलाध्यक्ष सालगराम परिहार ने पाली के वरिष्ठतम पुरस्कृत शिक्षक एवं फोरम के परामर्शदाता देवराज शर्मा से आशीर्वाद प्राप्त करते हुए फोरम की गतिविधियों को और अधिक सशक्त रूप देने के लिए मार्गदर्शन का अनुरोध किया।
इस अवसर पर उपस्थित वरिष्ठ नागरिक ओमप्रकाश सोनी, दलपत मल सिंघवी, गौतमचंद शर्मा, बी.के. मालेवार एवं कालूराम भाटी ने समाज के सर्वांगीण विकास में पुरस्कृत शिक्षकों की भूमिका को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।

वयोवृद्ध पुरस्कृत शिक्षक देवराज शर्मा ने अपने उद्बोधन में कहा कि शिक्षक समाज में शिक्षा, संस्कार और जीवनोत्थान का प्रमुख वाहक होता है। शासन द्वारा पुरस्कृत शिक्षक विशेष दायित्व का निर्वहन करते हैं, इसलिए समाजोत्थान में उनकी भूमिका और भी विशिष्ट होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि संगठन के माध्यम से न केवल पुरस्कृत शिक्षकों के हितों की रक्षा, बल्कि समग्र समाज के कल्याण हेतु निरंतर सक्रिय एवं समर्पित भाव से कार्य करना आवश्यक है।
कार्यक्रम के अंत में वरिष्ठ नागरिक सेवा संस्थान के अध्यक्ष लखपतराज सिंघवी ने बाड़मेर जिलाध्यक्ष सालगराम परिहार सहित सभी उपस्थित गणमान्य नागरिकों का आभार व्यक्त किया।



