पाली जिला कारागृह का आकस्मिक निरीक्षण: 95 बंदियों से सीधे संवाद, सुविधाओं व विधिक सहायता की हकीकत परखी

पाली : राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, पाली के सचिव एवं अपर जिला न्यायाधीश विक्रम सिंह भाटी ने शुक्रवार को जिला कारागृह, पाली का आकस्मिक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जिला कारागृह में कुल 95 बंदी निरुद्ध पाए गए।
निरीक्षण के दौरान सचिव भाटी ने बंदियों से सीधे संवाद कर भोजन व्यवस्था, चिकित्सीय सुविधाएं, पेयजल, स्वच्छता एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने यह भी सुनिश्चित किया कि कोई भी बंदी विधिक सहायता के अभाव में या निजी अधिवक्ता करने में असमर्थ होने के कारण बिना कानूनी मदद के जेल में निरुद्ध न रहे।

इस दौरान बंदियों को निःशुल्क विधिक सहायता योजना की जानकारी दी गई तथा ऐसे मामलों की भी पड़ताल की गई, जिनमें जमानत होने के बावजूद बंदी जेल में निरुद्ध हैं। सचिव भाटी ने संबंधित बंदियों को उनके प्रकरणों की वर्तमान स्थिति से अवगत कराया।
निरीक्षण के दौरान नवआगंतुक बंदियों से भी बातचीत की गई तथा घटना अथवा आरोपित अपराध के समय उनकी आयु संबंधी जानकारी ली गई। जेल प्रशासन द्वारा जानकारी दी गई कि सभी बंदियों की नियमित ओपीडी समय पर स्वास्थ्य जांच की जाती है तथा आपात स्थिति में उन्हें राजकीय बांगड़ अस्पताल, पाली रेफर किया जाता है। आकस्मिक निरीक्षण के दौरान गुलाबचंद, मेलनर्स जेल डिस्पेंसरी रविंद्र परिहार, सहायक जेल विजिटिंग लॉयर्स वनीता प्रजापत सहित संबंधित अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे।



