पाली : बालिका स्कूल में भव्य प्याऊ निर्माण की शुरुआत, स्व. मयंक की स्मृति में होगा आधुनिक जलग्रह

पाली : श्रीमती चीमा बाई संचेती राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, पैकेज कॉलोनी में शनिवार को विद्यार्थियों को स्वच्छ एवं शीतल पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आधुनिक जलग्रह (प्याऊ) निर्माण की नींव रखी गई। यह पुण्य कार्य राउमावि हाउसिंग बोर्ड के प्रधानाचार्य शंकरलाल सोनी एवं उनकी पत्नी रेणु सोनी द्वारा अपने सुपुत्र स्वर्गीय मयंक की स्मृति में करवाया जा रहा है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य राधेश्याम सोनी ने बताया कि प्याऊ निर्माण का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधिवत मुहूर्त में किया गया। कार्यक्रम में संचेती परिवार के भामाशाह जसवंत संचेती ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे विद्यालय की छात्राओं को शुद्ध, निर्मल एवं सुरक्षित पेयजल की सुविधा मिलेगी।
प्याऊ का निर्माण प्रसिद्ध आर्किटेक्ट एवं इंजीनियर नरेंद्र कुमार वर्मा की देखरेख में किया जाएगा, जिसे आधुनिक सुविधाओं से युक्त बनाया जाएगा। विद्यालय परिवार की ओर से पंकज शर्मा, महेंद्र, कृष्णा शर्मा तथा राजस्थान प्राथमिक एवं माध्यमिक शिक्षक संघ के जिला मंत्री रतनलाल बारूपाल ने भामाशाह परिवार एवं अतिथियों का माला, उपरणा, शाल एवं साफा पहनाकर सम्मान किया।
इस अवसर पर विद्यालय की अनुराधा राजपुरोहित, राजकुमारी जैन, यास्मीन, दिया रानी, मैना देवी, कमला बाई सहित अनेक शिक्षकगण उपस्थित रहे।
पूर्व विधायक ज्ञानचंद पारख ने भामाशाह परिवार को इस जनहितकारी एवं पुण्य कार्य के लिए साधुवाद देते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायी बताया।



