पाली के बजरंग बाड़ी रामदेव मंदिर में लगा निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, 130 लोगों की जांच कर दी गई दवाइयां

पाली : शहर के बजरंग बाड़ी स्थित रामदेव मंदिर परिसर में शनिवार को चिकित्सा विभाग द्वारा आउटरीच स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। शिविर में 130 से अधिक मरीजों की जांच कर निःशुल्क उपचार व दवाइयां प्रदान की गईं।
सीएमएचओ डॉ. विकास मारवाल ने बताया कि राष्ट्रीय शहरी स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत पाली के टैगोर नगर स्थित यूपीएचसी द्वारा नजदीकी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के उद्देश्य से यह शिविर आयोजित किया गया। शिविर में चिकित्सा प्रभारी डॉ. राकेश हाटेला के नेतृत्व में टीम ने मरीजों की जांच की।

सुबह से ही शिविर में मरीजों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। शिविर में सर्दी-खांसी, जुकाम, बुखार, पेट संबंधी रोग, दंत रोग, ब्लड प्रेशर और शुगर की जांच की गई। जांच के बाद मरीजों को मौके पर ही निःशुल्क दवाइयां वितरित की गईं, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग को बड़ी राहत मिली।
ब्लॉक हेल्थ सुपरवाइजर अशोक भार्गव ने बताया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य उन जरूरतमंद लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है, जो नियमित रूप से अस्पताल नहीं पहुंच पाते। शिविर को लेकर स्थानीय लोगों ने चिकित्सा विभाग की खूब सराहना की।
शिविर में डेंटल हाइजेनिस्ट गुलशन मेहता ने दांतों की जांच कर नियमित सफाई की सलाह दी। नर्सिंग ऑफिसर कुलदीप गर्ग व कल्पेश कुमार ने 30 वर्ष से अधिक आयु के लोगों की बीपी और शुगर जांच की। नर्सिंग ऑफिसर पूजा सैनी ने लंबे समय से खांसी से पीड़ित मरीजों को नजदीकी अस्पताल में जांच कराने की सलाह दी। वहीं एएनएम नाजमीन और अमरीन द्वारा गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों का टीकाकरण भी किया गया। शिविर में आशा सहयोगिनी अन्नू गहलोत, विमला कुमारी सहित स्वास्थ्य विभाग का स्टाफ व बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।



