ग्राम उत्थान शिविर बना किसानों के लिए संजीवनी, गुड़ा एंदला के किसान को तारबंदी योजना से मिली 40 हजार की राहत

पाली : मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की पहल पर जिलेभर में आयोजित किए जा रहे ग्राम उत्थान शिविर ग्रामीणों और किसानों के लिए राहत का बड़ा माध्यम बनकर उभर रहे हैं। इन शिविरों में कृषि सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं का हाथोंहाथ लाभ मिलने से किसान संतोष और खुशी जाहिर कर रहे हैं।
जिले के गुड़ा एंदला में आयोजित ग्राम उत्थान शिविर में भंवर लाल पुत्र केसा सीरवी, निवासी गुड़ा एंदला, ने अपनी समस्या अधिकारियों के समक्ष रखी। भंवर लाल ने बताया कि खेती ही उनके परिवार की आजीविका का मुख्य साधन है, लेकिन पिछले कई वर्षों से आवारा पशुओं के कारण उनकी फसलों को भारी नुकसान झेलना पड़ता था। इससे मेहनत और लागत दोनों ही बेकार हो जाती थीं।
शिविर के दौरान कृषि विभाग की तारबंदी योजना की जानकारी मिलने पर उन्होंने आवेदन किया, जिस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए सरकार की ओर से उन्हें 40 हजार रुपये की अनुदान राशि स्वीकृत की गई। योजना का लाभ मिलने पर किसान भंवर लाल बेहद प्रसन्न नजर आए।
उन्होंने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एवं शिविर में मौजूद अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ग्राम उत्थान शिविर जैसे कार्यक्रम किसानों की समस्याओं का सीधा और प्रभावी समाधान साबित हो रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि ग्राम उत्थान शिविरों के माध्यम से योजनाओं की जानकारी, आवेदन एवं स्वीकृति की प्रक्रिया सरल हुई है, जिससे किसानों को समय, मेहनत और धन की बचत हो रही है।



