पाली के स्काउट-गाइड ने रचा इतिहास, 15 यूनिट लीडरों ने हासिल की हिमालय वुडबैज की सर्वोच्च योग्यता

पाली : राजस्थान राज्य भारत स्काउट एवं गाइड जिला मुख्यालय पाली के लिए यह क्षण गौरव और उपलब्धि से भरा है। जिले के 10 स्काउट यूनिट लीडर एवं 05 गाइड यूनिट लीडर ने राष्ट्रीय स्तर के अत्यंत कठिन हिमालय वुडबैज कोर्स को सफलतापूर्वक पूर्ण कर यूनिट लीडर की सर्वोच्च तकनीकी योग्यता अर्जित की है। इस ऐतिहासिक सफलता से जिले की स्काउट-गाइड प्रशिक्षण व्यवस्था और अधिक सशक्त हुई है।
सी.ओ. स्काउट गोविंद मीणा ने बताया कि मंडल प्रशिक्षण केंद्र पुष्कर घाटी, अजमेर में 01 से 07 फरवरी 2026 तक आयोजित सात दिवसीय राष्ट्रीय स्तरीय आवासीय प्रशिक्षण शिविर में पाली जिले से रिकॉर्ड 15 प्रतिभागियों ने भाग लिया। कठोर प्रशिक्षण, अनुशासन और मूल्यांकन प्रक्रिया को पार करते हुए सभी प्रतिभागियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
इन स्काउट लीडरों ने किया जिले का नाम रोशन
महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय खुडाला से कलाराम सोलंकी, रा.उ.मा. विद्यालय बिजौवा से लकमाराम चौधरी, रा.उ.मा. विद्यालय ठाकुरला से वजाराम राणा, रा.उ.प्रा. विद्यालय सापुनी से बस्तीराम, रा.उ.मा. विद्यालय खोखरा से शंकरलाल, रा.उ.मा. विद्यालय गुन्दोज से बलवीर पारगी, रा.उ.मा. विद्यालय बिराठिया कलां से बगदाराम सैन, रा.उ.प्रा. विद्यालय बख्तावरपुरा से विष्णु कुमार वर्मा, रा.उ.मा. विद्यालय आसरलाई से अविनाश राजपुरोहित,
रा.उ.प्रा. विद्यालय मालवा से इम्तियाज खान।
गाइड विंग से इन लीडरों ने प्राप्त की सर्वोच्च योग्यता
रा.संस्कृत उ.प्रा. विद्यालय दलपतगढ़ से भगवती कंसारा, के.एस. लोढ़ा पब्लिक स्कूल फालना से पूजा जोशी, रा.बालिका उ.प्रा. विद्यालय दुदिया से रामदेई, विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल बिजौवा से खुशबू गायत्री, एस.एम.बी. सीनियर सेकेंडरी स्कूल (अंग्रेजी माध्यम) रानी से सुमित्रा।
सी.ओ. गाइड डिंपल दवे ने बताया कि हिमालय वुडबैज कोर्स स्काउट-गाइड संगठन का सबसे कठिन और उच्च स्तरीय प्रशिक्षण है, जिसे न्यूनतम तीन वर्षों की सेवा, बेसिक एवं एडवांस कोर्स, तथा प्रोजेक्ट असाइनमेंट पूर्ण करने के बाद ही प्राप्त किया जा सकता है। राष्ट्रीय प्रशिक्षण केंद्र पचमढ़ी द्वारा चयन के बाद यह प्रशिक्षण दिया जाता है।
पाली की प्रदेश स्तर पर मजबूत पहचान
गौरतलब है कि पिछले एक दशक में पाली जिले से 50 से अधिक हिमालय वुडबैज, 15 सहायक लीडर ट्रेनर एवं 03 लीडर ट्रेनर तैयार हो चुके हैं, जिससे पाली ने राजस्थान प्रदेश में विशिष्ट पहचान बनाई है।
इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर जिला मुख्य आयुक्त प्रकाश चंद्र सिंघाड़िया, जिला प्रशिक्षण आयुक्त, लीडर ट्रेनर पुरुषोत्तम पुरी गोस्वामी, आलोक शर्मा सहित समस्त जिला संगठन पदाधिकारियों ने सभी सफल यूनिट लीडरों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।



