विवाह समारोह में शिक्षा को समर्पण की मिसाल, राजपूत शिक्षा कोष पाली को मिला 50 हजार रुपये का शिक्षा नेक

पाली : सामाजिक सरोकार और शिक्षा के प्रति संवेदनशीलता की मिसाल पेश करते हुए पाली में आयोजित एक विवाह समारोह के दौरान राजपूत शिक्षा कोष पाली को वर-वधू पक्ष की ओर से 50 हजार रुपये का शिक्षा नेक प्रदान किया गया। यह राशि समाज के आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभावान राजपूत बालक-बालिकाओं की शिक्षा हेतु उपयोग में लाई जाएगी।
राजपूत शिक्षा कोष के प्रतिनिधि चंद्रवीर सिंह सिसरवादा ने बताया कि यह शिक्षा नेक पूर्व पार्षद सवाई सिंह जैतावत, गुड़ा रामसिंह की पौत्री एवं धर्मेन्द्र सिंह जैतावत की पुत्री डॉ. विशाखा राठौर तथा प्रधान प्रतिनिधि पंचायत समिति चितलवाना (सांचौर) के हिंदू सिंह चौहान, ठिकाना दूठवा के पुत्र डॉ. महावीर सिंह के विवाह समारोह के अवसर पर दिया गया।
राजपूत शिक्षा कोष के पदाधिकारी भीम सिंह सोवनिया ने जानकारी देते हुए बताया कि कोष द्वारा समाज के जरूरतमंद एवं प्रतिभावान विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है। इसी उद्देश्य से विभिन्न सामाजिक आयोजनों में “शिक्षा नेक” देने की एक नई परंपरा शुरू की गई है, ताकि उत्सवों के साथ-साथ भविष्य की पीढ़ी की शिक्षा में भी योगदान दिया जा सके। इसी क्रम में वधू पक्ष की ओर से 25 हजार रुपये और वर पक्ष की ओर से 25 हजार रुपये, कुल 50 हजार रुपये की राशि शिक्षा कोष को समर्पित की गई।
इस अवसर पर दुल्हन के बड़े पिता महेंद्र सिंह जैतावत ने राजपूत शिक्षा कोष द्वारा किए जा रहे शैक्षणिक कार्यों की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक पहल बताया।
विवाह समारोह में अनेक गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति रही, जिनमें पूर्व मंत्री पुष्पेंद्र सिंह राणावत, पूर्व मंत्री सुखराम बिश्नोई, पद्मश्री एवं पद्मभूषण डॉ. नारायण सिंह माणकलाव, उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी के पीए नरेन्द्र सिंह राठौर, सोजत मारवाड़ राजपूत सभा अध्यक्ष गोविंद सिंह सीसरवादा, वीर शिरोमणि राव जैताजी संस्थान अध्यक्ष मूल सिंह लाडपुरा सहित समाज के अनेक वरिष्ठ व प्रबुद्धजन मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में राजपूत शिक्षा कोष के संयोजक कान सिंह राणावत एवं अन्य पदाधिकारियों जगपाल सिंह बाला, डॉ. जसवंत सिंह ठाकुरला, लक्ष्मण सिंह गिरवर, भरत सिंह भाकरीवाला, युवराज सिंह कुरना एवं कल्याण सिंह सोवनिया ने भामाशाह परिवार का आभार व्यक्त किया।



