रोहट में “ट्रैफिक की पाठशाला”: 300 स्कूली बच्चों ने ली सड़क सुरक्षा की शपथ

रोहट : शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता सड़क सुरक्षा एवं जीवन रक्षा जागरूकता अभियान के तहत रोहट में विद्यार्थियों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष पहल की गई। उपखंड अधिकारी श्री पूरण कुमार के निर्देशानुसार एवं मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी रोहट के मार्गदर्शन में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय रोहट में “ट्रैफिक की पाठशाला” का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में जोधपुर–पाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क सुरक्षा एवं जीवन रक्षा के लिए राज्य स्तरीय पुरस्कार विजेता, वरिष्ठ सीएसआर मैनेजर एवं “रिफ्लेक्टर मैन” के नाम से प्रसिद्ध फिरोज़ खान ने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बच्चों से हाथ जोड़कर अपील की कि वे हमेशा यातायात नियमों का पालन करें और अपने परिवार व समाज को भी इसके लिए प्रेरित करें।
फिरोज़ खान ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में अधिकांश मौतें तेज गति, ट्रैफिक नियमों की अनदेखी तथा शराब व मादक पदार्थों के सेवन के कारण होती हैं। उन्होंने बताया कि निर्धारित गति सीमा का पालन, हेलमेट व सीट बेल्ट का उपयोग और सतर्क ड्राइविंग जैसे उपाय अपनाकर कई जिंदगियां बचाई जा सकती हैं।

उन्होंने जोर देते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा मानव जीवन से जुड़ा गंभीर विषय है और इसके प्रति जागरूकता फैलाकर ही एक सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सकती है। कार्यक्रम के दौरान करीब 300 स्कूली विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई गई।
इस अवसर पर विद्यालय स्टाफ नीना शर्मा, सरोज राजपुरोहित, हेमंत, निखिल कुमार, मीनू अरोड़ा, सुनील कुमार एवं तरुण कुमार सहित अन्य शिक्षकगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम को विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता के साथ सराहा।




