पाली के पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय जोजावर में प्रेरणा उत्सव, 1001 विद्यार्थियों ने लिया भाग

पाली : पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, जोजावर में सोमवार को भव्य प्रेरणा उत्सव का आयोजन किया गया, जिसमें सम्पूर्ण पाली जिले से 1001 छात्र-छात्राओं का नामांकन हुआ। कार्यक्रम का आयोजन विद्यालय के बहुउद्देशीय कक्ष में किया गया, जिसमें विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को केंद्र में रखा गया।
आयोजन को सफल बनाने हेतु विद्यालय स्तर पर विभिन्न समितियों का गठन उपप्राचार्य श्रवण कुमार के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम के लिए प्रातः 9 बजे से पंजीयन प्रक्रिया प्रारंभ हुई। कार्यक्रम के शुभारंभ पर विद्यालय के प्राचार्य डी.सी. गुप्ता ने जिले भर से आए छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं अतिथियों का स्वागत किया।
प्राचार्य डी.सी. गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान युग में विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास अत्यंत आवश्यक है, ताकि वे राष्ट्र निर्माण में प्रभावी भूमिका निभा सकें। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत की वैश्विक पहचान और 2047 विकसित भारत विजन को साकार करने में युवाओं की भूमिका को रेखांकित किया।
कार्यक्रम के अंतर्गत पंजीकृत विद्यार्थियों की योग्यता एवं व्यक्तित्व का मूल्यांकन किया गया। इसके लिए हिंदी एवं अंग्रेजी निबंध लेखन, कविता लेखन, चित्रकला सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनका विषय 2047 विजन पर आधारित रहा। चयनित प्रतिभागी आगामी चरण में अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने हेतु वडनगर (गुजरात) जाएंगे।
कार्यक्रम प्रभारी शैलेष पड्या (गुजराती शिक्षक) एवं सौरभ श्रीवास्तव (पुस्तकालयाध्यक्ष) द्वारा सम्पूर्ण कार्यक्रम का समन्वय किया गया। प्रतियोगिता तीन चरणों में संपन्न हुई— प्रथम चरण में पंजीयन, द्वितीय चरण में प्रतिभागियों द्वारा कौशल प्रदर्शन, तृतीय चरण में अमित लवानिया (पीजीटी जीव विज्ञान), शशि डांगी, राजेन्द्र कुमार एवं श्रवण कुमार के नेतृत्व में साक्षात्कार आयोजित किया गया।
निर्णायक मंडल में प्राचार्य डी.सी. गुप्ता, अतिरिक्त मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी मारवाड़ जंक्शन मिश्रीलाल बंजारा, केन्द्रीय विद्यालय पाली की कला शिक्षिका शगुफ्ता काजी, लिबर्टी पब्लिक स्कूल के प्राचार्य भरत जोशी, राजेन्द्र कुमार एवं श्रवण कुमार शामिल रहे।
प्रतियोगिता परिणाम में 15 छात्र एवं 15 छात्राओं का चयन किया गया। कार्यक्रम प्रातः 9 बजे से सायं 5 बजे तक चला। समापन अवसर पर ए.सी.बी.ओ. मिश्रीलाल बंजारा ने नवीन शिक्षा प्रणाली के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों से सदैव सकारात्मक सोच बनाए रखने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य डी.सी. गुप्ता ने सभी अतिथियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। मंच संचालन शारीरिक शिक्षक मोहनलाल बेडा द्वारा किया गया।



