google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

पाली को मिली बड़ी सौगात: फीफा–भारत सरकार अभियान में जेएनवी जोजावर बना जिला नोडल सेंटर, 3000 फुटबॉल का होगा वितरण

पाली : खेल और शिक्षा के क्षेत्र में पाली जिले के लिए एक बड़ी उपलब्धि सामने आई है। भारत सरकार के शिक्षा विभाग और विश्व की सबसे बड़ी फुटबॉल संस्था फीफा के संयुक्त अभियान “फुटबॉल फॉर स्कूल” के तहत पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय (जेएनवी), जोजावर को पाली जिले का मुख्य नोडल सेंटर बनाया गया है। इस पहल के माध्यम से जिले के विद्यालयों में फुटबॉल को बढ़ावा देने के लिए बड़े पैमाने पर फुटबॉल का वितरण किया जाएगा।

13 फरवरी को भव्य शुभारंभ समारोह
विद्यालय के प्राचार्य डी.सी. गुप्ता ने बताया कि 13 फरवरी 2026 को जेएनवी जोजावर परिसर में भव्य समारोह आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में मारवाड़ जंक्शन के एसडीएम महावीर सिंह जोधा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे और अपने हाथों से फुटबॉल वितरण कर अभियान का औपचारिक शुभारंभ करेंगे। समारोह की तैयारियों के तहत प्राचार्य गुप्ता ने मारवाड़ जंक्शन के ब्लॉक शिक्षा अधिकारी से मुलाकात कर उन्हें विस्तृत जानकारी दी और कार्यक्रम में ससम्मान आमंत्रित किया।

फीफा से मिली 3000 फुटबॉल, जिलेभर में होगा वितरण
विद्यालय के शारीरिक शिक्षक मोहनलाल बेड़ा ने जानकारी दी कि फीफा द्वारा प्राप्त कुल 3000 फुटबॉल जेएनवी जोजावर को मिल चुकी हैं। इनका वितरण पूरे पाली जिले के विद्यालयों में चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा।

पहले चरण में मारवाड़ जंक्शन ब्लॉक की 25 चयनित विद्यालयों को आमंत्रित किया गया है। प्रत्येक विद्यालय से एक शारीरिक शिक्षक और एक प्रतिभाशाली छात्र कार्यक्रम में भाग लेकर इस ऐतिहासिक पहल के साक्षी बनेंगे।

खेल संस्कृति को मिलेगा नया आयाम
विद्यालय प्रशासन ने इसे जिले में खेल संस्कृति को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है। उनका मानना है कि इस अभियान से विद्यार्थियों में खेल भावना, टीम वर्क, अनुशासन और शारीरिक फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ेगी।

फुटबॉल जैसे लोकप्रिय खेल को स्कूल स्तर पर प्रोत्साहन मिलने से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के विद्यार्थियों को समान अवसर मिलेंगे, जिससे भविष्य में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार होने की संभावनाएं भी बढ़ेंगी।

जिलेभर में उत्साह का माहौल
इस ऐतिहासिक पहल को लेकर विद्यार्थियों, शिक्षकों और खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। पाली जिले के लिए यह अभियान खेल विकास के नए अध्याय की शुरुआत माना जा रहा है।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button