google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

“बजट आंकड़ों का खेल, भजनलाल सरकार फेल”: पाली कांग्रेस अध्यक्ष का प्रदेश बजट पर तीखा हमला

पाली : राजस्थान सरकार द्वारा पेश किए गए प्रदेश बजट पर पाली जिला कांग्रेस कमेटी ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। जिला अध्यक्ष शिशुपाल सिंह निम्बाडा ने बजट को निराशाजनक और दिशाहीन बताते हुए कहा कि यह केवल आंकड़ों और घोषणाओं का खेल है, जिसका जमीनी हकीकत से कोई लेना-देना नहीं है।

निम्बाडा ने बयान जारी कर कहा कि सरकार हर साल जनकल्याणकारी योजनाओं की घोषणाएं कर वाहवाही तो बटोर लेती है, लेकिन अगले बजट तक वे योजनाएं कागजों से बाहर ही नहीं निकल पातीं। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व बजट घोषणाएं अब तक क्रियान्वयन के अभाव में ठप्प पड़ी हैं।

पाली की अनदेखी का आरोप
कांग्रेस जिला अध्यक्ष ने कहा कि पाली जिले से केंद्रीय रेल मंत्री, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व राज्यसभा सांसद, दो कैबिनेट मंत्री, एक सांसद और चार विधायक होने के बावजूद बजट में जिले को अपेक्षित प्राथमिकता नहीं मिली। उन्होंने इसे जनप्रतिनिधियों की इच्छाशक्ति की कमी बताते हुए कहा कि जिले की महत्वपूर्ण समस्याओं पर कोई ठोस प्रावधान नहीं किया गया।

प्रमुख मुद्दों पर साधा निशाना
निम्बाडा ने कहा कि जिले की लाइफलाइन मानी जाने वाली जवाई बांध पुनर्भरण योजना, प्रदूषण की मार झेल रहे पाली के टेक्सटाइल उद्योग और किसानों को राहत देने के लिए कच्छ के रण तक पाइपलाइन व जेडएलडी परियोजना, बांडी नदी ओवरब्रिज, आर्थिक संकट से जूझ रही पाली नगर निगम, तथा ऑडिटोरियम पुनर्निर्माण जैसे अहम मुद्दों पर बजट में कोई ठोस प्रावधान नहीं किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि बजट लोकलुभावन जुमलों से ओतप्रोत है, जबकि गरीब, किसान, गांव और युवाओं की वास्तविक जरूरतों को नजरअंदाज किया गया है।

जनता में निराशा
कांग्रेस ने दावा किया कि बजट से पाली जिले की जनता को बड़ी उम्मीदें थीं, लेकिन ठोस घोषणाओं के अभाव में लोगों को निराशा हाथ लगी है। जिला कांग्रेस ने सरकार से मांग की है कि पाली से जुड़े लंबित विकास कार्यों के लिए विशेष पैकेज की घोषणा की जाए। प्रदेश बजट को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है और आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर राजनीतिक बहस और तेज होने के संकेत हैं।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button