google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
देशबीकानेरब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

बीकानेर बॉर्डर पर ड्रोन से हेरोइन गिराने की साजिश नाकाम: BSF-पुलिस ने 2 किलो मादक पदार्थ किया बरामद

बीकानेर। अंतर्राष्ट्रीय सीमा क्षेत्र खाजूवाला में सीमा सुरक्षा बल (BSF) और खाजूवाला पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। रेगिस्तानी इलाके में चलाए गए सर्च ऑपरेशन के दौरान करीब 2 किलो हेरोइन बरामद की गई है। प्रारंभिक आशंका है कि यह खेप पाकिस्तान की ओर से ड्रोन के जरिए भारतीय सीमा में गिराई गई थी।

जानकारी के अनुसार 1BM-14BD पोस्ट के पास संदिग्ध गतिविधि की सूचना पर सुरक्षा एजेंसियों ने सर्च ऑपरेशन चलाया। तलाशी के दौरान रेगिस्तान में एक संदिग्ध पैकेट मिला। जांच करने पर उसमें हेरोइन पाई गई। बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करोड़ों रुपये आंकी जा रही है।

बरामदगी के बाद BSF और पुलिस ने पूरे इलाके को घेरकर व्यापक तलाशी अभियान चलाया। आसपास के क्षेत्र में भी गहन जांच की जा रही है, ताकि किसी अन्य संदिग्ध वस्तु या नेटवर्क का पता लगाया जा सके।

सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर पाकिस्तान की ओर से ड्रोन के माध्यम से मादक पदार्थों की तस्करी के प्रयास पहले भी सामने आते रहे हैं। ऐसे में एजेंसियां लगातार सतर्कता बरतते हुए इन साजिशों को नाकाम करने में जुटी हैं।

कार्रवाई के दौरान खाजूवाला थाने के कार्यवाहक थानाधिकारी हरपाल सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर मौजूद रहे। मामले में आगे की जांच जारी है और सुरक्षा एजेंसियां संभावित ड्रोन मूवमेंट, तस्करी नेटवर्क और स्थानीय संपर्कों के संबंध में जानकारी जुटा रही हैं। सीमा क्षेत्र में हुई इस बड़ी बरामदगी को सुरक्षा एजेंसियों की सतर्कता और समन्वित कार्रवाई का परिणाम माना जा रहा है।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button