पाली में प्रशासनिक सख्ती: कलेक्टर एल.एन. मंत्री ने विकास कार्यों की समीक्षा के साथ दिलाई ‘एआई जिम्मेदारी’ की शपथ

पाली : पाली जिला कलक्टर एल.एन. मंत्री की अध्यक्षता में सोमवार को जिला कलक्टर कार्यालय में जिला स्तरीय अधिकारियों की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में गत सप्ताह में विभिन्न विभागों द्वारा किए गए कार्यों की प्रगति की समीक्षा के साथ वर्तमान बजट घोषणाओं और राज्य व केंद्र सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
जिला कलक्टर ने विभागवार जानकारी लेते हुए आगामी जनगणना की तैयारियों, पंच गौरव योजनाओं के अंतर्गत आईईसी गतिविधियों, राज उन्नति योजना तथा एसडीआरएफ से जुड़े पंचायत चुनाव संबंधी विषयों पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में चिकित्सा विभाग को मौसमी बीमारियों की स्थिति, वय वंदन एवं आयुष्मान कार्ड की प्रगति की समीक्षा करने के निर्देश दिए गए। वहीं सार्वजनिक निर्माण विभाग को सड़कों के लंबित कार्यों में तेजी लाने, पीएचईडी को बकाया परियोजनाओं की समयबद्ध पूर्णता तथा विद्युत विभाग को पीएम सूर्य घर योजना और कुसुम योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए गए।
शिक्षा विभाग को समसा की समीक्षा, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग को पेंशन सत्यापन और पालनहार योजना की प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही लाडो प्रोत्साहन योजना, महिला एवं बाल विकास, महिला अधिकारिता, सहकारिता विभाग में कस्टम हायरिंग, कृषि एवं बागवानी विभाग की फव्वारा योजना तथा डेयरी विभाग से जुड़े कार्यों की भी समीक्षा की गई।
नगर निकायों एवं नगर निगम को भी आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए संपर्क पोर्टल पर दर्ज प्रकरणों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक का विशेष आकर्षण रहा कि जिले के समस्त राजकीय कार्यालयों में कार्यरत अधिकारियों और कार्मिकों ने ऑनलाइन माध्यम से ‘एआई जिम्मेदारी’ की शपथ ली।
जिला कलक्टर एल.एन. मंत्री ने कहा कि डिजिटल युग में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस हमारे जीवन का अभिन्न हिस्सा बन चुका है। ऑनलाइन शॉपिंग, बैंकिंग, सोशल मीडिया, स्वास्थ्य सेवाओं और शिक्षा सहित कई क्षेत्रों में एआई का उपयोग बढ़ रहा है। ऐसे में इसका सुरक्षित, नैतिक और जिम्मेदारीपूर्ण उपयोग सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलेक्टर डॉ. बजरंग सिंह, एडीएम सीलिंग ओम प्रभा, आईएएस बिरजू गोपाल, मुख्य कार्यकारी अधिकारी मुकेश चौधरी, उपखंड अधिकारी विमलेन्द्र राणावत, नगर निगम आयुक्त नवीन भारद्वाज सहित सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



