google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
ब्रेकिंग न्यूज़

पाली : विश्व स्वास्थ्य दिवस पर संगोष्ठी आयोजित: ‘हैल्दी बिगनिंग – होपफुल फ्यूचर’ थीम पर हुई जागरूकता

पाली। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार को बांगड़ चिकित्सालय परिसर स्थित एएनएम प्रशिक्षण केंद्र के सभागार में विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं एडीजे विक्रम सिंह भाटी रहे। उन्होंने अपने संबोधन में ‘हैल्दी बिगनिंग – होपफुल फ्यूचर’ थीम पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए आमजन को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की अपील की। साथ ही, उन्होंने यह भी बताया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जरूरतमंदों — जैसे महिलाएं, बच्चे, बुजुर्ग, विशेष योग्यजन आदि — को निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध करवाता है।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विकास मारवाल ने बताया कि पाली जिले में विश्व स्वास्थ्य दिवस के उपलक्ष्य में विभिन्न जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं, जिनका उद्देश्य आमजन में स्वास्थ्य को लेकर सजगता पैदा करना है।

कार्यक्रम में अतिरिक्त सीएमएचओ डॉ. पी.सी. दीपन ने बताया कि चिकित्सा विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता गर्भवती महिलाओं और बच्चों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है, ताकि एक स्वस्थ पीढ़ी का निर्माण हो सके। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति तक समय पर और नि:शुल्क चिकित्सा सेवाएं पहुंचाना विभाग की जिम्मेदारी है।

एएनएम प्रशिक्षण केंद्र के प्रधानाचार्य के.सी. सैनी ने उपस्थित जनों को तंबाकू उत्पादों से दूर रहने की शपथ दिलाते हुए तंबाकू सेवन से होने वाले दुष्परिणामों और कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों के बारे में जागरूक किया।

कार्यक्रम के अंत में एडीजे विक्रम सिंह भाटी ने बाल विवाह निषेध की शपथ भी दिलवाई। संगोष्ठी में लगभग 100 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। संचालन मांगीलाल तंवर ने किया और सभी आगंतुकों का आभार जताया।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button