google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Jodhpurदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

महिला दिवस पर जोधपुर मंडल की 7 महिला रेलकर्मी सम्मानित, उत्कृष्ट सेवाओं के लिए मिला गौरव

जोधपुर : अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में उत्तर पश्चिम रेलवे महिला कल्याण संगठन की ओर से जयपुर स्थित मुख्यालय में आयोजित सम्मान समारोह में जोधपुर मंडल की महिला रेलकर्मियों ने अपनी उपलब्धियों से विशेष पहचान बनाई। समारोह में जोधपुर मंडल की सात महिला कर्मचारियों को उनके उत्कृष्ट कार्य और समर्पित सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया।

जोधपुर मंडल के सीनियर डीसीएम हितेश यादव ने बताया कि 11 मार्च को उत्तर पश्चिम रेलवे मुख्यालय के संकल्प सभागार में आयोजित इस समारोह में विभिन्न मंडलों की कुल 40 महिला रेलकर्मियों को सम्मानित किया गया।

जोधपुर मंडल से चल टिकट परीक्षक जेनिस जोसेफ, बसंती टाक, स्टेशन मास्टर नेहा पारीक, टेक्नीशियन (कर्षण) अंजलि धाकड़, कार्मिक शाखा की वरिष्ठ क्लर्क मनीषा, सीनियर सेक्शन इंजीनियर सुलेखा कुमारी तथा संकेत एवं दूरसंचार शाखा की ईएसएम बरखा राठौड़ को उनकी उल्लेखनीय सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक अमिताभ ने सम्मानित महिला रेलकर्मियों की सराहना करते हुए कहा कि महिला कर्मचारी रेलवे के विभिन्न विभागों में जिम्मेदारी और समर्पण के साथ कार्य करते हुए संगठन की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। उनका कार्य अन्य कर्मचारियों के लिए भी प्रेरणादायक है।

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की थीम “गिव टू गेन” के तहत उत्तर पश्चिम रेलवे मुख्यालय सहित सभी मंडलों और इकाइयों में 3 से 11 मार्च तक अंतर्राष्ट्रीय महिला सप्ताह मनाया गया। इस दौरान कर्मयोगी भारत पीओएसएच प्रशिक्षण, मिशन शक्ति ऐप के उपयोग पर जागरूकता कार्यक्रम, तनाव मुक्ति कार्यशाला, लाफ्टर योगा सहित कई गतिविधियां आयोजित की गईं।

कार्यक्रम के अंत में उत्तर पश्चिम रेलवे महिला कल्याण संगठन की अध्यक्ष डॉ. अंजू ने सभी चयनित महिला रेलकर्मियों को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया। समारोह में रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी, महिला कल्याण संगठन की पदाधिकारी और बड़ी संख्या में महिला अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button