ओसियां रेलवे स्टेशन पर ‘मिशन 100’ शिविर: 25 शिकायतें दर्ज, 22 का मौके पर समाधान, कर्मचारियों की स्वास्थ्य जांच भी हुई

जोधपुर : उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल में कर्मचारियों की समस्याओं के त्वरित समाधान और स्वास्थ्य संरक्षण के उद्देश्य से ‘मिशन 100’ अभियान के तहत ओसियां रेलवे स्टेशन पर कर्मचारी शिकायत एवं स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया।
मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी के निर्देशन में आयोजित इस शिविर में कार्मिक विभाग की टीम ने कर्मचारियों की समस्याएं सुनीं। वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अभिषेक गांधी ने बताया कि शिविर में कुल 25 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 22 का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि शेष मामलों के शीघ्र निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए हैं।
स्वास्थ्य जांच शिविर के दौरान 45 कर्मचारियों एवं उनके आश्रितों की जांच की गई। इसमें हाई आरबीएस (ब्लड शुगर) और ब्लड प्रेशर की जांच शामिल रही। चिकित्सक डॉ. रविन्द्र विश्नोई ने कर्मचारियों को संतुलित आहार, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की सलाह दी। शिविर का संचालन मुख्य कल्याण निरीक्षक रामेश्वर दास, स्टेशन अधीक्षक मनोहर लाल एवं चिकित्साकर्मी सोना राम की देखरेख में किया गया।
अधिकारियों ने बताया कि कर्मचारियों की समस्याओं के त्वरित समाधान और उनके स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए ऐसे शिविर आगे भी नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे।



