
पाली : कंकू विजय कॉलेज ऑफ एजुकेशन में बुधवार को भारतीय नव संवत्सर (हिंदू नव वर्ष) के उपलक्ष्य में एक प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति, परंपरा और काल गणना के महत्व से अवगत कराया गया।
कार्यक्रम में प्राचार्य डॉ. करण सैन ने बताया कि विशिष्ट अतिथि मुकेश वैष्णव ने अपने संबोधन में हिंदू नववर्ष के वैज्ञानिक और आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारतीय पंचांग प्रकृति के बदलावों से गहराई से जुड़ा हुआ है और यह हमारी समृद्ध विरासत का प्रतीक है।

संस्थान के निदेशक अभिषेक जैन ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ सांस्कृतिक मूल्यों का समावेश बेहद आवश्यक है, जिससे विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास संभव हो सके। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित विद्यार्थियों एवं स्टाफ ने भारतीय संस्कृति को अक्षुण्ण बनाए रखने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. अंजना अरोड़ा, दिनेश विश्नोई, प्रवीण द्विवेदी, लता महावर, प्रीति परिहार, गोविंद सैन सहित महाविद्यालय का स्टाफ उपस्थित रहा।




