
पाली : रामनवमी के पावन अवसर पर पाली शहर में निकलने वाली भव्य शोभायात्रा को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। Vishva Hindu Parishad एवं हिन्दू महोत्सव समिति के तत्वावधान में आयोजित इस शोभायात्रा के लिए कार्यकर्ताओं ने शहरभर में जनसंपर्क अभियान शुरू कर दिया है।
जिला प्रचार प्रमुख मनीष सेन के अनुसार, शोभायात्रा की पूर्व संध्या पर कार्यकर्ताओं ने रघुनाथ जी मंदिर से ढोल-नगाड़ों के साथ पूरे मार्ग में निकलकर रहवासियों और व्यापारियों को पीले चावल देकर निमंत्रण दिया और अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आग्रह किया।

यह शोभायात्रा सुबह 10 बजे श्री रघुनाथजी मंदिर से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों—पानी दरवाजा, गणेश चौक, सराफा बाजार, उदयपुरिया बाजार, धानमंडी, पटवा बाजार सहित विभिन्न क्षेत्रों से होकर पुनः मंदिर परिसर में समाप्त होगी।
आयोजकों के अनुसार इस बार शोभायात्रा को और अधिक भव्य बनाया जा रहा है, जिसमें 100 से अधिक आकर्षक झांकियां, डीजे, बैंड, घोष दल, अखाड़े, घोड़े और सजे-धजे रथ शामिल होंगे। शोभायात्रा के सफल संचालन के लिए 100 कार्यकर्ताओं की विशेष टीम गठित की गई है, जो पूरे आयोजन की व्यवस्था संभालेगी।

कार्यक्रम की तैयारियों में सीताराम जोशी, सोहन सिंह, भंवरलाल गुगुरिया, कमल किशोर गोयल, परमेश्वर जोशी, किशन प्रजापत, राजेंद्र सिंह भाटी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं। पाली में हर वर्ष निकलने वाली यह रामनवमी शोभायात्रा शहर की धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक मानी जाती है, जिसमें हजारों श्रद्धालु उत्साहपूर्वक भाग लेते हैं।



