पाली : कलेक्ट्रेट में साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित, गर्मी और सरकारी योजनाओं को लेकर दिए गए सख्त निर्देश

पाली : जिला कलेक्टर एल.एन. मंत्री के निर्देशानुसार अतिरिक्त जिला कलेक्टर डॉ. बजरंग सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न विभागों की प्रगति रिपोर्ट की समीक्षा की गई और गर्मी के मौसम से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियों पर जोर दिया गया।
बैठक में डॉ. सिंह ने बजट घोषणाओं, भूखंड आवंटन, राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं, हीटवेव और लू से बचाव की तैयारियों की विभागवार जानकारी ली। सार्वजनिक निर्माण विभाग, विद्युत विभाग और जलदाय विभाग से पेयजल व्यवस्था, बिजली आपूर्ति और कनेक्शन की स्थिति पर चर्चा करते हुए जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
चिकित्सा विभाग को अस्पतालों में गर्मी से राहत देने वाले उपाय जैसे – पीने का पानी, कूलर, पंखे, बाथरूम आदि सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा जवाई जल परियोजना की प्रगति, संपर्क पोर्टल पर लंबित प्रकरणों के निस्तारण, बांगड़ अस्पताल की व्यवस्थाओं, मनरेगा, जल संसाधन, सहकारिता, कृषि उपज मंडी, पशुपालन और बागवानी विभाग की प्रगति की भी समीक्षा की गई।

नगर निगम, यूआईटी, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, महिला एवं बाल विकास, शिक्षा, खेल, उद्योग, खनन, रसद विभाग सहित सभी प्रमुख विभागों के कार्यों की विस्तृत समीक्षा कर निर्देश जारी किए गए। साथ ही ‘परिंडा अभियान’ की भी समीक्षा की गई और पक्षियों के लिए परिंडे लगाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर अश्विनी सिंह पंवार, जिला परिषद सीईओ मुकेश चौधरी, यूआईटी सचिव डॉ. पूजा सक्सेना, उपखंड अधिकारी विमलेन्द्र सिंह, नगर निगम आयुक्त नवीन भारद्वाज सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।



