पाली जिला कारागृह का आकस्मिक निरीक्षण, बंदियों को निःशुल्क विधिक सहायता का भरोसा

पाली : राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव विक्रम सिंह भाटी ने शनिवार को जिला कारागृह, पाली का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कारागृह में कुल 93 बंदी निरुद्ध पाए गए।
निरीक्षण के दौरान सचिव भाटी ने बंदियों से सीधे संवाद कर भोजन, पेयजल, चिकित्सीय सुविधा और साफ-सफाई व्यवस्था की स्थिति की जानकारी ली। साथ ही नवआगंतुक बंदियों से उनके मामलों एवं घटना के समय उनकी आयु के संबंध में भी पूछताछ की गई।

उन्होंने बंदियों को निःशुल्क विधिक सहायता की जानकारी देते हुए कहा कि कोई भी बंदी अधिवक्ता के अभाव में जेल में निरुद्ध नहीं रहना चाहिए। जरूरतमंद बंदियों को विधिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक निर्देश भी दिए गए।
सचिव भाटी ने ऐसे बंदियों की जानकारी भी ली, जिनकी जमानत होने के बावजूद वे अभी तक जेल में निरुद्ध हैं, और उन्हें उनके मामलों की वर्तमान स्थिति से अवगत कराया। स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर बताया गया कि सभी बंदियों की नियमित ओपीडी के दौरान जांच की जाती है तथा आपात स्थिति में उन्हें बांगड़ अस्पताल पाली रेफर किया जाता है।

इस दौरान जेल कारापाल जोराराम, जेल डिस्पेंसरी के मेल नर्स रविंद्र परिहार, सहायक जेल विजिटिंग लॉयर विनीता प्रजापत एवं अधिकार मित्र मांगीलाल तंवर सहित अन्य कार्मिक उपस्थित रहे।



