
पाली : चैत्र शुक्ल ग्यारस के पावन अवसर पर पाली के राजकीय बांगड़ उच्च माध्यमिक विद्यालय में अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ राजस्थान (विद्यालय शिक्षा) की जिला स्तरीय कार्यकारिणी बैठक भव्य और गरिमामय वातावरण में आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी आठ खंडों से आए पदाधिकारियों, महिला प्रतिनिधियों और कार्यकारिणी सदस्यों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती एवं भारत माता के चित्रों पर माल्यार्पण, दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ हुआ। बैठक संभाग उपाध्यक्ष शैतान सिंह के सानिध्य एवं जिला अध्यक्ष डॉ. विक्रम सिंह की अध्यक्षता में चार सत्रों में सम्पन्न हुई।
प्रथम सत्र में शैतान सिंह ने संगठन के इतिहास और कार्यप्रणाली पर प्रकाश डालते हुए बताया कि संगठन की स्थापना 1954 में हुई थी और वर्तमान में यह राष्ट्रीय स्तर पर 13.60 लाख से अधिक सदस्यों के साथ सक्रिय है। उन्होंने बताया कि राजस्थान में अब तक 2.70 लाख से अधिक सदस्य जुड़ चुके हैं और आगामी सत्र में 3.25 लाख सदस्यता का लक्ष्य रखा गया है। साथ ही 15 से 25 अप्रैल तक सदस्यता अभियान चलाने की घोषणा की गई।
द्वितीय सत्र में डॉ. विक्रम सिंह ने शिक्षकों से जुड़े प्रमुख मुद्दों को उठाते हुए ग्रीष्मावकाश में कटौती के प्रस्ताव का विरोध, संविदा शिक्षकों के स्थायीकरण, रिक्त पदों की पूर्ति, पदोन्नति और स्थानांतरण प्रक्रिया में तेजी लाने की मांग रखी।
तृतीय सत्र में जिला मंत्री ओमप्रकाश कुमावत ने संगठन में प्रवास की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए इसे संगठन की “जीवनरेखा” बताया। वहीं चतुर्थ सत्र में वित्तीय पारदर्शिता पर जोर देते हुए सभी लेन-देन बैंक माध्यम से करने और नियमित ऑडिट की आवश्यकता बताई गई। बैठक में संगठनात्मक मजबूती, सोशल मीडिया पर सक्रियता और आगामी कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। अंत में कल्याण मंत्र और सहभोज के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।



