पाली : निकाय चुनाव की तैयारी तेज, बीएलओ को मतदाता सूची सत्यापन के निर्देश, 13 अप्रैल को ड्राफ्ट सूची जारी होगी

पाली : आगामी नगर निकाय चुनावों को लेकर पाली में तैयारियां तेज हो गई हैं। गुरुवार को पंचायत समिति सभागार में सुपरवाइजर एवं बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें चुनाव संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं उपखंड अधिकारी विमलेन्द्र सिंह राणावत ने बताया कि चुनाव प्रक्रिया के तहत बीएलओ को मतदाता सूची की चेकलिस्ट वितरित की गई है। सभी अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने मतदान क्षेत्रों में जाकर सूची का गहन परीक्षण करें, त्रुटियों का निराकरण करें और सत्यापन के बाद संशोधित सूची पुनः कार्यालय में जमा करवाएं।

उन्होंने बताया कि इस प्रक्रिया के पूर्ण होने के बाद 13 अप्रैल को मतदाता सूची का ड्राफ्ट प्रकाशन किया जाएगा, जो चुनाव की दृष्टि से एक महत्वपूर्ण चरण होगा।
बैठक में ललित कुमार दवे, अनिल नामा, रमेश अणकिया, सुरेश व्यास, विक्रम सिंह परिहार, राजेश कुमार सैन सहित बड़ी संख्या में अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए समय पर प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए हैं, ताकि निष्पक्ष और सुचारू चुनाव संपन्न कराए जा सकें।



