
पाली : शहर के टैगोर नगर स्थित पाण्डेश्वर वीर हनुमान मंदिर धाम में हनुमान जन्मोत्सव बड़े ही श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। हर वर्ष की तरह इस बार भी मंदिर परिसर में भक्ति का माहौल देखने को मिला, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़े।
मंदिर के संस्थापक अध्यक्ष नरेश पांडे ने बताया कि इस अवसर पर भक्तों द्वारा भगवान हनुमान का दुग्धाभिषेक एवं पंचामृत से अभिषेक किया गया। साथ ही सिन्दूर का बाघा चढ़ाकर विशेष पूजा-अर्चना की गई।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने भजन-कीर्तन एवं हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। इसके बाद हनुमानजी को प्रिय रोट का भोग लगाया गया तथा 51 किलो लापसी और चने का प्रसाद श्रद्धालुओं में वितरित किया गया।
इस अवसर पर गोपाल उपाध्याय, जयंती मेवाड़ा, लिखमीचंद नागला, विष्णु प्रसाद नागला, दशरथ पांडे, जबर सिंह, पंडित महावीर प्रसाद, विनोद नागला, विशाल पांडे, विनय उपाध्याय सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
भजन गायिका पुष्पा बाई एवं लीला कंवर ने भजनों की प्रस्तुति दी, जिससे पूरा माहौल भक्तिमय हो गया। कार्यक्रम में टैगोर नगर की महिलाओं और हनुमान भक्तों की उल्लेखनीय भागीदारी रही।



