आउवा में शहीदों को नमन, ओंकार सिंह लखावत ने सत्याग्रह उद्यान में दी श्रद्धांजलि, पैनोरमा का किया निरीक्षण

पाली : राजस्थान धरोहर प्राधिकरण के अध्यक्ष ओंकार सिंह लखावत शुक्रवार को मारवाड़ जंक्शन क्षेत्र के आउवा पहुंचे, जहां उन्होंने कामेश्वर महादेव मंदिर स्थित सत्याग्रह उद्यान में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में भाग लिया।
इस दौरान उन्होंने वि.सं. 1643 के सत्याग्रह आंदोलन के शहीदों तथा 1857 का स्वतंत्रता संग्राम के वीर सेनानियों को नमन करते हुए शहीद स्मारक पर दीप प्रज्ज्वलित कर पुष्पांजलि अर्पित की।

सभा को संबोधित करते हुए लखावत ने कहा कि यह भूमि त्याग और तपस्या की प्रतीक है, जहां से हमें प्रेरणा लेकर राष्ट्रहित में कार्य करना चाहिए।
कार्यक्रम के पश्चात उन्होंने मेला चौक स्थित पैनोरमा पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और रखरखाव को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

इस अवसर पर दिलीप सिंह हरसोलाव, केसाराम चौधरी, मंगला राम, सुरेन्द्र सिंह सांदू, रामदेव सिंह सांदू, राजेंद्र सिंह बारहठ, अमर सिंह रत्नू, योगेश्वरी कंवर, संत नारायण दास सहित चरण समाज के गणमान्य लोग एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। कार्यक्रम में शहीदों के बलिदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी गई और उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया गया।




