पाली में कलेक्टर सख्त, ‘संवेदनशीलता और टीमवर्क से काम करें’, दिशा बैठक में सभी विभागों की ली समीक्षा

पाली : नवपदस्थापित जिला कलेक्टर डॉ रवीन्द्र गोस्वामी ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों की महत्वपूर्ण ‘दिशा’ बैठक लेकर विभिन्न विभागों की योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की।
बैठक में कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी अधिकारी आमजन के प्रति संवेदनशील रहते हुए कर्तव्यपरायणता और टीम भावना से कार्य करें, ताकि लोगों को त्वरित राहत मिल सके।

इन मुद्दों पर रहा फोकस:
कलेक्टर ने सार्वजनिक निर्माण विभाग की सड़कों, पीएमजेएसवाई कार्यों और रोड कटिंग की गुणवत्ता की समीक्षा की। वहीं पीएचईडी को गर्मी के मद्देनजर समर कंटिजेंसी प्लान, रोहट क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था और टैंकर प्रबंधन को लेकर निर्देश दिए।
जल संसाधन विभाग को बांधों की स्थिति और जल प्रबंधन, बिजली विभाग को गर्मी में निर्बाध आपूर्ति, झूलते तारों और खंभों के सर्वे के निर्देश दिए गए। शिक्षा विभाग को खेल मैदान प्रस्ताव, क्षतिग्रस्त स्कूलों की सूची और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने को कहा गया।

इसके साथ ही चिकित्सा, पशुपालन, कृषि, रसद, सामाजिक न्याय, महिला एवं बाल विकास, राजीविका सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
नगर निगम को नालों की सफाई, लो-लाइन क्षेत्रों की तैयारी, गौशालाओं में पशुओं की व्यवस्था तथा ‘हरियालो राजस्थान’ अभियान को प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया गया।

कलेक्टर ने 181 हेल्पलाइन सेल की शिकायतों के विश्लेषण, त्वरित निस्तारण और विभागवार समस्याओं के समाधान पर भी सख्ती से निर्देश दिए। बैठक में डॉ बजरंग सिंह, बिरजू गोपाल, कस्तूरी, ओम प्रभा, मुकेश चौधरी, नवीन भारद्वाज सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में प्रशासनिक कार्यों की प्रगति पर संतोष जताते हुए कलेक्टर ने सभी विभागों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।



