पाली का उभरता सितारा छत्रपाल सिंह राष्ट्रीय ट्रायल में चमकेगा, एशियन चैंपियनशिप के लिए ठोकेगा दावेदारी

पाली : पाली जिले के होनहार मुक्केबाज छत्रपाल सिंह एक बार फिर अपने दमखम का प्रदर्शन राष्ट्रीय स्तर पर करने जा रहे हैं। भारतीय मुक्केबाजी संघ के तत्वावधान में 4 से 11 अप्रैल 2026 तक नेताजी सुभाष नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ स्पोर्ट्स, पटियाला (पंजाब) में आयोजित राष्ट्रीय सब जूनियर टीम चयन ट्रायल में वे राजस्थान का प्रतिनिधित्व करेंगे।
इस महत्वपूर्ण ट्रायल के जरिए चयनित खिलाड़ी आगामी सब जूनियर एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप (ताशकंद, उज़्बेकिस्तान) में भारतीय टीम का हिस्सा बनेंगे।
माण्डल गांव निवासी छत्रपाल सिंह, बलवंत सिंह के पुत्र हैं और कम उम्र में ही अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुके हैं। वे अब तक पांच बार राजस्थान राज्य स्तरीय चैंपियन रह चुके हैं और पांच राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में राज्य का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।
साल 2025 में उन्होंने एसजीएफआई अंडर-14 राष्ट्रीय बॉक्सिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया था।
उनकी इस उपलब्धि पर पाली जिला बॉक्सिंग संघ के अध्यक्ष वासुदेव शर्मा सहित अन्य पदाधिकारियों और खेल प्रेमियों ने खुशी जताते हुए शुभकामनाएं दी हैं। कोच दिलीप गहलोत ने विश्वास जताया कि छत्रपाल सिंह अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगे।



