पाली : शैक्षिक महासंघ की बैठक, 100% सदस्यता लक्ष्य, शिक्षकों के तबादलों पर उठी मांग

पाली : भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ (विद्यालय शिक्षा) खंड रानी की महत्वपूर्ण बैठक राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, किशनपुरा में आयोजित की गई, जिसमें संगठन विस्तार और शिक्षकों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक की अध्यक्षता संभाग उपाध्यक्ष शैतान सिंह राठौड़ और जिला अध्यक्ष डॉ. विक्रम सिंह जैतावत ने की। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती, भारत माता और श्रद्धेय पाठक साहब के चित्रों पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई।
बैठक में संगठन के नाम परिवर्तन और उसके राष्ट्रीय स्तर पर विस्तार को लेकर जानकारी दी गई। वक्ताओं ने बताया कि अब संगठन देशभर में शैक्षिक नवाचार, शोध और शिक्षक-शिक्षार्थियों की समस्याओं के समाधान के लिए व्यापक स्तर पर कार्य करेगा।
इस दौरान शिक्षकों ने पिछले 8 वर्षों से तृतीय श्रेणी शिक्षकों के स्थानांतरण नहीं होने पर चिंता जताई और सरकार से जल्द ट्रांसफर प्रक्रिया शुरू करने तथा डीपीसी कार्य करवाने की मांग उठाई।
खंड संयोजक लक्ष्मण सिंह गिरवर ने सदस्यता अभियान के तहत रानी खंड में 100% सदस्यता का लक्ष्य रखने की बात कही। वहीं महिला प्रतिनिधियों ने भी संगठन में सक्रिय भागीदारी का भरोसा जताया।
बैठक में संगठन के नए स्वरूप को ऐतिहासिक बताते हुए शिक्षकों के हित में इसे मजबूत मंच बताया गया। साथ ही आय-व्यय का लेखा-जोखा प्रस्तुत कर सर्वसम्मति से अनुमोदित किया गया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिक्षक और पदाधिकारी मौजूद रहे, जिन्होंने संगठन को मजबूत बनाने और शिक्षकों की समस्याओं के समाधान के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया।



