google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

पाली दिशा बैठक में विकास योजनाओं की समीक्षा, सांसद पी.पी. चौधरी ने दिए सख्त निर्देश, पानी-बिजली-सड़क पर फोकस

पाली : जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की महत्वपूर्ण बैठक शनिवार को जिला परिषद सभागार में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता पाली लोकसभा सांसद पी.पी. चौधरी ने की, जिसमें जिले में संचालित केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में सांसद चौधरी ने कहा कि नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और भजनलाल शर्मा के मार्गदर्शन में राज्य सरकार विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ा रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी लंबित कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए और आमजन को राहत पहुंचाने को प्राथमिकता दी जाए।

बैठक में सार्वजनिक निर्माण विभाग, पीएमजेएसवाई, अटल पथ, एनएच एवं एनएचएआई के कार्यों की समीक्षा करते हुए सड़कों की गुणवत्ता और मरम्मत पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। वहीं जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग को आगामी गर्मी में पेयजल व्यवस्था, जल जीवन मिशन, अवैध जल कनेक्शन हटाने और पाइपलाइन कार्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए गए।

बिजली विभाग को पीएम कुसुम योजना और सूर्य घर योजना के तहत कार्यों में तेजी लाने तथा गर्मी में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। चिकित्सा विभाग में निर्माणाधीन मेडिकल एवं नर्सिंग कॉलेज, बांगड़ अस्पताल की व्यवस्थाओं, ऑक्सीजन उपलब्धता और उपकरणों की समीक्षा की गई।

इसके अलावा जल संसाधन, शिक्षा, पशुपालन, ग्रामीण विकास, स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, फसल बीमा, कृषि योजनाएं, खनन, पर्यावरण, रसद, राजीविका, महिला एवं बाल विकास सहित कई विभागों की योजनाओं पर चर्चा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

सांसद ने नगर निगम को अतिक्रमण हटाने, नालों की सफाई और निराश्रित पशुओं के प्रबंधन पर ध्यान देने के निर्देश दिए। साथ ही सभी अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय बनाकर संवेदनशीलता के साथ कार्य करने को कहा।

बैठक में कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने गर्मी में पानी-बिजली व्यवस्था, गौशालाओं के अनुदान और राज्य सरकार के अभियानों के सफल संचालन पर जोर दिया।

इस दौरान पाली विधायक भीमराज भाटी, मारवाड़ विधायक केसाराम चौधरी, सोजत विधायक शोभा चौहान ने भी अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याएं और विकास कार्यों को लेकर सुझाव रखे।

बैठक में जिला कलेक्टर डॉ रविन्द्र गोस्वामी ने जिले में चल रही योजनाओं की प्रगति की जानकारी दी, जबकि जिला परिषद सीईओ मुकेश चौधरी ने पीपीटी के माध्यम से गत बैठक की अनुपालना रिपोर्ट प्रस्तुत की। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे और जिले के विकास को गति देने के लिए समन्वित प्रयासों पर जोर दिया गया।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button