बीकानेर बॉर्डर पर संदिग्ध विदेशी नागरिक पकड़ा गया, सुरक्षा एजेंसियों में मचा हड़कंप

बीकानेर : राजस्थान के सीमावर्ती क्षेत्र खाजूवाला में एक संदिग्ध विदेशी नागरिक के पकड़े जाने से सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है। यह व्यक्ति खाजूवाला मार्केट में घूमता हुआ पाया गया, जिस पर स्थानीय लोगों को शक हुआ और उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और संदिग्ध विदेशी नागरिक को हिरासत में ले लिया। इसके बाद बीएसएफ, पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने संयुक्त रूप से उससे गहन पूछताछ शुरू की।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पकड़ा गया व्यक्ति डेनमार्क का निवासी बताया जा रहा है। अंतरराष्ट्रीय सीमा के नजदीक इस तरह एक विदेशी नागरिक की मौजूदगी को बेहद गंभीरता से लिया जा रहा है।
पूछताछ के बाद संदिग्ध को आगे की जांच के लिए बीकानेर के जेआईसी भेजा जाएगा। फिलहाल पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां उसकी गतिविधियों और उद्देश्य की हर पहलू से जांच कर रही हैं।
पूरे मामले का खुलासा विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगा, वहीं सुरक्षा एजेंसियां सतर्क होकर बॉर्डर क्षेत्र में निगरानी और कड़ी कर दी है।



