पाली : कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, “संगठन बढ़ाओ, लोकतंत्र बचाओ” अभियान को लेकर बड़ी बैठक, सरकार पर साधा निशाना

पाली : राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार “संगठन बढ़ाओ, लोकतंत्र बचाओ” अभियान को लेकर पाली जिला कांग्रेस कमेटी की अहम बैठक रविवार को जिला कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष शिशुपाल सिंह निम्बाडा ने की, जिसमें जिलेभर से ब्लॉक, नगर और मंडल स्तर के पदाधिकारी व सैकड़ों कार्यकर्ता उत्साह के साथ शामिल हुए।
बैठक को संबोधित करते हुए निम्बाडा ने राज्य की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि पंचायत व नगर निकाय चुनाव टालकर लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गोविंद सिंह डोटासरा के निर्देशानुसार चलाया जा रहा यह अभियान लोकतंत्र की रक्षा के लिए जनजागरण का माध्यम बनेगा।

उन्होंने कहा कि “वन स्टेट-वन इलेक्शन”, परिसीमन और ओबीसी आयोग की रिपोर्ट का हवाला देकर चुनाव टालना लोकतंत्र के लिए उचित नहीं है और सरकार न्यायालय के आदेशों की भी अनदेखी कर रही है।
इस अवसर पर पाली विधायक भीमराज भाटी एवं प्रदेश कांग्रेस सचिव डिम्पल कंवर ने भी संबोधित करते हुए कहा कि समय पर चुनाव लोकतंत्र की मजबूती के लिए जरूरी हैं और कांग्रेस का यह अभियान आमजन को जागरूक करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
पूर्व जिलाध्यक्ष अजीज दर्द, चुनीलाल चाड़वास एवं विधानसभा प्रभारी मकसूद अहमद ने कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान किया।
बैठक में निर्णय लिया गया कि अभियान के तहत गांवों और शहर के वार्डों में कार्यक्रम आयोजित कर जनसमस्याओं को उठाया जाएगा और संगठन को जमीनी स्तर पर सशक्त बनाया जाएगा।

ब्लॉक अध्यक्ष हकीम भाई ने कहा कि पाली नगर निगम का कार्यकाल समाप्त होने के बावजूद चुनाव नहीं कराए जा रहे हैं, जिससे विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
कार्यक्रम में कई वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष निम्बाडा के नेतृत्व में सफल आयोजन की सराहना की। मंच संचालन जोगाराम सोलंकी ने किया। बैठक में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे और संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।



