जोधपुर मंडल में चेन पुलिंग पर सख्ती, 725 यात्री गिरफ्तार, 2.81 लाख का जुर्माना वसूला

जोधपुर : ट्रेनों में बिना वजह चेन पुलिंग करने वालों के खिलाफ उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल ने बड़ा अभियान चलाते हुए सख्त कार्रवाई की है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जरिए चलाए गए विशेष अभियान में 725 लोगों को गिरफ्तार कर उनसे कुल 2.81 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया है।
मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि वाणिज्य विभाग और रेलवे सुरक्षा बल की संयुक्त कार्रवाई में कुल 744 मामले दर्ज किए गए। इनमें से 709 मामलों का निपटारा किया जा चुका है, जबकि 33 मामले अभी जांचाधीन हैं और 2 मामलों में एफआर दर्ज की गई है।
उन्होंने बताया कि ट्रेनों, प्रमुख स्टेशनों और संवेदनशील रेलखंडों पर विशेष निगरानी रखी गई, जिससे संदिग्ध गतिविधियों पर तुरंत कार्रवाई संभव हो सकी। कई आरोपियों को मौके पर ही पकड़ा गया, जबकि कुछ को बाद में पहचान कर गिरफ्तार किया गया।

रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया कि बिना कारण चेन पुलिंग करना रेलवे अधिनियम के तहत दंडनीय अपराध है। इससे ट्रेन संचालन बाधित होता है और यात्रियों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ती है। अचानक ट्रेन रुकने से अन्य ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित होती है, जिससे हजारों यात्रियों को परेशानी होती है।
रेलवे ने ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति जारी रखते हुए कहा है कि नियम तोड़ने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। अभियान के दौरान टिकट चेकिंग स्टाफ और आरपीएफ की टीमों ने गश्त बढ़ाकर और जागरूकता अभियान चलाकर यात्रियों को नियमों के प्रति सचेत किया।
साथ ही रेलवे ने स्टाफ को निर्देश दिए हैं कि ट्रेनों में अनावश्यक चेन पुलिंग करने वालों पर कड़ी नजर रखी जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।



