पाली : मानसून से पहले सफाई अभियान तेज, नालों की सफाई का निरीक्षण, कचरा डालने वालों पर कार्रवाई

पाली : जिला कलेक्टर एवं नगर निगम प्रशासक डॉ. रवीन्द्र गोस्वामी के निर्देशों की पालना में नगर निगम ने मानसून पूर्व तैयारियों को लेकर सख्ती बढ़ा दी है। इसी क्रम में नगर निगम आयुक्त नवीन भारद्वाज ने शहर का दौरा कर नालों की सफाई और स्वच्छता व्यवस्था का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने लोडिया फीडर से नयां गांव की ओर दोनों तरफ चल रहे नाला सफाई कार्य का अवलोकन किया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि मानसून से पहले शहर के सभी नालों की पूरी तरह सफाई सुनिश्चित की जाए।

अहिंसा सर्कल से कैनरा बैंक तक निरीक्षण के दौरान नालों में कचरा डालने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए संबंधित स्थान पर चालान भी किया गया। आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग करने और नालों में कचरा डालने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
इसके बाद लाखोटिया उद्यान और वहां स्थित सार्वजनिक शौचालय का निरीक्षण कर स्वच्छता व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए गए। साथ ही शहर के सभी स्वच्छता निरीक्षकों को डिवाइडर सहित प्रमुख स्थानों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने को कहा गया।

आयुक्त ने शहरवासियों से अपील करते हुए कहा कि मानसून के मद्देनजर नालों में कचरा न डालें और सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग बंद करें। उन्होंने नागरिकों से घर से निकलते समय कपड़े का थैला साथ रखने की भी अपील की। जनजागरूकता के लिए नगर निगम द्वारा ऑटो टिपर के माध्यम से भी शहरभर में स्वच्छता संदेश प्रसारित किया जा रहा है।



