पाली : ‘पन्नाधाय सप्ताह’ के तहत बालिकाओं को सुरक्षा, कानून और डिजिटल जागरूकता का मिला पाठ

पाली : पन्नाधाय सुरक्षा एवं सम्मान जागृति सप्ताह के तहत पाली जिले में बालिकाओं को सशक्त बनाने की दिशा में प्रभावी पहल जारी है। बुधवार को ग्राम पंचायत गुंदोज स्थित राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में तृतीय दिवस पर सुरक्षा, विधिक जागरूकता एवं डिजिटल सुरक्षा विषय पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया।
जिला प्रशासन एवं महिला अधिकारिता विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम की शुरुआत विभाग के निर्देशानुसार पन्नाधाय केंद्र की केंद्र प्रबंधक प्रियंका व्यास एवं सखी वन स्टॉप सेंटर की प्रतिनिधि देवी बामनिया द्वारा की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता शारीरिक शिक्षा अध्यापक नीतू दहिया एवं अनीता ने की।

कार्यक्रम में बालिकाओं को सखी वन स्टॉप सेंटर की सेवाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही 181 महिला हेल्पलाइन सहित केंद्र पर उपलब्ध विभिन्न सुविधाओं से अवगत कराया गया। कालिका पेट्रोलियम टीम के भजना ने साइबर क्राइम से बचाव, आपातकालीन सेवा 112 तथा राजकोप सिटीजन ऐप के सुरक्षित उपयोग की जानकारी दी।
महिला एवं बाल अधिकारिता विभाग के प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर योगेंद्र ने बाल विवाह के दुष्परिणामों पर प्रकाश डालते हुए आगामी 19 अप्रैल को अक्षय तृतीया के अवसर पर संभावित बाल विवाहों को रोकने के लिए सतर्क रहने का संदेश दिया। जीएसवीएस के धन्नाराम और पारस थानवी ने भी विधिक जानकारी देते हुए 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन के महत्व को समझाया।
सुपरवाइजर पिंकी मीणा ने विभागीय योजनाओं की जानकारी देते हुए ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ एवं ‘बाल विवाह मुक्त राजस्थान’ अभियान के संदेश को प्रभावी रूप से प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम के दौरान बालिकाओं के लिए चित्रकला एवं पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया, जिसमें सशक्त नारी, डिजिटल सुरक्षा और बाल विवाह उन्मूलन जैसे विषयों पर रचनात्मक अभिव्यक्ति देखने को मिली। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान भी घोषित किए गए।
करीब 200 बालिकाओं की उपस्थिति में आयोजित इस कार्यक्रम में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए बाल विवाह के विरुद्ध जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया और शपथ ग्रहण की। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेश शर्मा, वरिष्ठ अध्यापक लालाराम चौधरी सहित समस्त स्टाफ मौजूद रहा।




