जोधपुर-भोपाल एक्सप्रेस में बड़ा बदलाव, अब एलएचबी कोच के साथ 20 डिब्बों में दौड़ेगी ट्रेन

जोधपुर : रेल यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। ट्रेन संख्या 14813/14814 जोधपुर-भोपाल-जोधपुर एक्सप्रेस को अब आधुनिक एलएचबी कोच से संचालित किया जाएगा। यह नई व्यवस्था जोधपुर से 14 अप्रैल और भोपाल से 15 अप्रैल से लागू होगी।
उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि इस बदलाव से यात्रियों को अधिक सुरक्षित, आरामदायक और बेहतर यात्रा अनुभव मिलेगा। एलएचबी कोच के उपयोग से ट्रेन की राइड क्वालिटी में सुधार होगा और झटके कम महसूस होंगे।
इसके साथ ही ट्रेन में डिब्बों की संख्या 17 से बढ़ाकर 20 कर दी गई है, जिससे सीटों की उपलब्धता बढ़ेगी और वेटिंग लिस्ट की समस्या में कमी आएगी।
यात्रियों को मिलेंगी ये सुविधाएं:
नई एलएचबी कोच में उन्नत ब्रेकिंग सिस्टम, उच्च सुरक्षा मानक, साफ-सुथरे व आरामदायक कोच, बेहतर वेंटिलेशन और आधुनिक शौचालय जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
यह रहेगा नया कोच संयोजन:
ट्रेन में अब 2 सेकंड एसी, 2 थर्ड एसी इकोनॉमी, 3 थर्ड एसी, 7 स्लीपर, 4 जनरल, 1 लगेज ब्रेक वैन और 1 गार्ड-कम-जनरेटर वैन सहित कुल 20 डिब्बे होंगे। रेलवे के इस निर्णय से जोधपुर-भोपाल मार्ग पर यात्रा करने वाले हजारों यात्रियों को बड़ा फायदा मिलने की उम्मीद है।



