पाली को बड़ी रेल सौगात, भुज-Delhi नई ट्रेन को मंजूरी, सांसद पीपी चौधरी के प्रयास रंग लाए

पाली : पाली जिले के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। पाली सांसद पीपी चौधरी के लगातार प्रयासों के चलते पाली से दिल्ली तक नई रेल सेवा को मंजूरी मिल गई है। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव द्वारा स्वीकृत यह ट्रेन भुज से दिल्ली के बीच वाया पाली मारवाड़ संचालित होगी।
सांसद चौधरी ने इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री का आभार जताते हुए कहा कि इस नई ट्रेन से पाली मारवाड़ सहित आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों, व्यापारियों और पर्यटकों को बड़ी राहत मिलेगी। इससे क्षेत्र में पर्यटन और व्यापार को भी नई गति मिलेगी।
उन्होंने बताया कि यह मांग लंबे समय से उठाई जा रही थी, क्योंकि पाली जैसे प्रमुख औद्योगिक और शैक्षणिक केंद्र का दिल्ली से सीधा रेल संपर्क नहीं था। इसके कारण करीब 30 लाख की आबादी को यात्रा के लिए अन्य जिलों के स्टेशनों पर निर्भर रहना पड़ता था, जिससे समय और खर्च दोनों बढ़ते थे।
सांसद चौधरी ने हाल ही में रेल मंत्री से मुलाकात कर इस मुद्दे को मजबूती से रखा था, जिसके बाद अब यह बड़ी सौगात मिली है।
इस निर्णय से पाली जिले के लोगों को राजधानी दिल्ली से सीधा जुड़ाव मिलेगा, जिससे आवागमन आसान होगा और रेलवे के राजस्व में भी बढ़ोतरी की संभावना है।
नई ट्रेन की घोषणा के बाद जिलेभर में खुशी का माहौल है। आमजन, जनप्रतिनिधियों और व्यापारी वर्ग ने इस फैसले का स्वागत करते हुए सांसद, प्रधानमंत्री और रेल मंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया है।



