ब्यावर में करंट से होनहार छात्र की मौत, बारिश में करंट फैले पोल ने ली 10वीं टॉपर की जान

ब्यावर/जैतारण : जिले के जैतारण कस्बे में सिस्टम की लापरवाही ने एक होनहार छात्र की जान ले ली। सड़क किनारे लगे बिजली के पोल में फैले करंट की चपेट में आने से 15 वर्षीय छात्र भरत रूणेचा की मौत हो गई। यह दर्दनाक हादसा मंगलवार शाम करीब 6 बजे हुआ।
जानकारी के अनुसार बारिश के दौरान बिजली के पोल में फॉल्ट आ गया था, जिससे उसमें करंट फैल गया। अनजान भरत का हाथ जैसे ही पोल से टच हुआ, वह करंट की चपेट में आकर मौके पर ही गिर पड़ा। आसपास के लोगों ने तुरंत डिस्कॉम को सूचना देकर बिजली बंद करवाई और उसे जैतारण अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे जोधपुर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
भरत जैतारण के मरुधर स्कूल का छात्र था और पढ़ाई में बेहद होनहार था। उसने पिछले वर्ष 10वीं बोर्ड परीक्षा में 98.33 प्रतिशत अंक हासिल कर स्कूल में टॉप किया था। इस साल भी वह 11वीं कक्षा में प्रथम स्थान पर रहा।
मृतक के पिता ऑटो चालक हैं। बेटे की असमय मौत से परिवार में कोहराम मच गया है। थानाधिकारी धोलाराम परिहार ने बताया कि बुधवार को पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। घटना के बाद क्षेत्र में बिजली विभाग की लापरवाही को लेकर लोगों में आक्रोश है और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग उठ रही है।



