google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

पाली में अलर्ट मोड, मानसून, बाढ़ और हीटवेव से निपटने को कलेक्टर ने दिए सख्त निर्देश

पाली : जिला कलेक्टर की अध्यक्षता में शुक्रवार को जिला परिषद सभागार में मानसून पूर्व तैयारियों, अतिवृष्टि, बाढ़ बचाव, हीटवेव प्रबंधन और आपदा राहत को लेकर जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी उपखंड अधिकारियों और संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।

बैठक में जिला कलेक्टर ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि संभावित मानसून और गर्मी के प्रभाव को देखते हुए समय रहते सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि आमजन को किसी प्रकार की परेशानी न हो और जान-माल का नुकसान रोका जा सके।

उन्होंने हीटवेव से बचाव के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार, जागरूकता अभियान, जिला व ब्लॉक स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित करने, चिकित्सा व्यवस्थाएं मजबूत करने, एंटी लार्वा गतिविधियां बढ़ाने और अस्पतालों में ठंडे पानी, कूलर व दवाइयों की पर्याप्त व्यवस्था रखने के निर्देश दिए।

नगर निकायों को नालों-नालियों की सफाई, रैन बसेरों में सुविधाएं, पेयजल व बिजली व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ ही बस स्टैंड और सार्वजनिक स्थानों पर छाया और पानी की व्यवस्था करने को कहा गया। पशुओं के लिए पानी, गौशालाओं में व्यवस्था और पक्षियों के लिए परिंडे लगाने जैसे मानवीय पहलुओं पर भी विशेष जोर दिया गया।

जल संसाधन विभाग को बांधों की स्थिति पर निगरानी, नाव और गोताखोरों की व्यवस्था रखने, जबकि पुलिस, सिविल डिफेंस और अन्य एजेंसियों को संभावित आपदा क्षेत्रों में सतर्क रहने के निर्देश दिए गए। शिक्षा और आईसीडीएस विभाग को स्कूलों और आंगनवाड़ी केंद्रों की मरम्मत मानसून से पहले पूर्ण करने को कहा गया।

बैठक में मुख्य कार्यकारी अधिकारी मुकेश चौधरी ने विकसित ग्राम-शहरी वार्ड मास्टर प्लान और 11 से 14 अप्रैल तक आयोजित होने वाले अंबेडकर जयंती कार्यक्रमों को लेकर भी आवश्यक निर्देश दिए।

जिला कलेक्टर ने नगर निकायों को सफाई व्यवस्था, कचरा प्रबंधन, टैक्स संग्रहण और आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही 181 हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर भी जोर दिया। इस दौरान प्रधानमंत्री के प्रस्तावित बालोतरा दौरे को लेकर परिवहन व अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा भी की गई।

बैठक में प्रशिक्षु आईएएस बिरजू गोपाल, अतिरिक्त जिला कलेक्टर डॉ. बजरंग सिंह, एडीएम ओम प्रभा, नगर निगम आयुक्त नवीन भारद्वाज सहित चिकित्सा, पुलिस, परिवहन, जल संसाधन, पीएचईडी, विद्युत, पीडब्ल्यूडी, होमगार्ड और अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button