पाली : ‘स्वभाव स्वच्छता–संस्कार स्वच्छता’ अभियान, स्वास्थ्य भवन में श्रमदान, रिकॉर्ड प्रबंधन और सफाई पर जोर

पाली : राज्य सरकार के निर्देशानुसार चलाए जा रहे “स्वभाव स्वच्छता–संस्कार स्वच्छता” विशेष अभियान के तहत शुक्रवार को पाली जिला मुख्यालय स्थित स्वास्थ्य भवन में श्रमदान अभियान आयोजित किया गया। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर परिसर की सफाई की और कार्यस्थल को व्यवस्थित बनाने का संकल्प लिया।
सीएमएचओ डॉ. विकास मारवाल ने बताया कि यह विशेष अभियान 1 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक प्रदेशभर में संचालित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य सरकारी कार्यालयों में स्वच्छता को बढ़ावा देना, रिकॉर्ड प्रबंधन सुधारना, लंबित प्रकरणों का निस्तारण करना और अनुपयोगी सामग्री का नियमानुसार निपटान सुनिश्चित करना है।

अभियान के तहत स्वास्थ्य भवन परिसर में कार्यालय कक्षों, रिकॉर्ड रूम और आसपास के क्षेत्र की साफ-सफाई की गई। साथ ही पुरानी पत्रावलियों को व्यवस्थित करने और रिकॉर्ड को सुव्यवस्थित रखने की प्रक्रिया भी शुरू की गई।
डॉ. मारवाल ने बताया कि अभियान के दौरान ई-वेस्ट और कबाड़ सामग्री का निस्तारण, स्क्रैप वाहनों की नीलामी, कार्यालय परिसरों का बेहतर उपयोग तथा लंबित प्रकरणों के त्वरित निपटान जैसे कार्य भी किए जाएंगे। इसके साथ ही आमजन से जुड़े सेवा वितरण और जनसंपर्क मामलों को प्राथमिकता से निस्तारित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि यह अभियान तीन चरणों—प्रारंभिक, अभियान अवधि और मूल्यांकन चरण—में संचालित किया जा रहा है। पहले चरण में कार्यालयों की स्थिति का आकलन कर कार्य योजना तैयार की जाती है, जबकि दूसरे चरण में सफाई और व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जाता है। कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने स्वच्छ, सुव्यवस्थित और जनोन्मुखी कार्यालय वातावरण विकसित करने के लिए सक्रिय भागीदारी का संकल्प लिया।



