पाली : महिला सुरक्षा सहयोगी समिति ने असहाय युवती का कराया विवाह, पूरा घरेलू सामान भी भेंट

पाली : पाली की महिला सुरक्षा सहयोगी समिति ने एक बार फिर समाज सेवा की अनूठी मिसाल पेश करते हुए एक असहाय युवती के विवाह में संपूर्ण सहयोग प्रदान किया। शहर के एक निजी होटल में आयोजित इस समारोह में समिति ने न सिर्फ विवाह की व्यवस्था की, बल्कि युवती को गृहस्थी बसाने के लिए आवश्यक सभी सामान भी उपलब्ध कराया।
समिति अध्यक्ष कुलदीप पंवार ने बताया कि समिति द्वारा हर तीन माह में एक या दो जरूरतमंद युवतियों के विवाह में सहयोग करते हुए ‘कन्यादान’ किया जाता है। इसी कड़ी में इस बार युवती को बेड, अलमारी, कूलर, सिलाई मशीन, पंखा, गैस चूल्हा, मिक्सर, घरेलू बर्तन, चांदी के आभूषण, कपड़े सहित 200 लोगों के भोजन की संपूर्ण व्यवस्था उपलब्ध कराई गई।
समिति सचिव अचला शर्मा ने बताया कि इस बार पाली के बाहर किशनगढ़ की एक युवती के विवाह में सहयोग किया गया। कार्यक्रम में अतिथि के रूप में भाजपा जिला अध्यक्ष सुनील भंडारी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

इस अवसर पर सुनील भंडारी ने समिति के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि समाज में जरूरतमंदों की सहायता के लिए सभी को आगे आना चाहिए। उन्होंने कन्यादान को महादान बताते हुए इसे मानवता की सच्ची सेवा करार दिया।
कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत किया गया तथा सहयोग करने वाले सभी सदस्यों का सम्मान भी किया गया। इस आयोजन में समाजसेवियों और समिति सदस्यों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और युवती के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
समिति के इस प्रयास ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि सामूहिक सहयोग और संवेदनशीलता से समाज में सकारात्मक बदलाव संभव है।



