पाली में लगा मेगा फ्री हेल्थ कैंप, 236 मरीजों को मिला विशेषज्ञों से निःशुल्क उपचार

पाली : रोटरी क्लब पाली एवं जेआईईटी मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल, जोधपुर के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को एक विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में शहर व आसपास के क्षेत्रों से आए कुल 236 मरीजों का विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा निःशुल्क जांच एवं उपचार किया गया।
क्लब अध्यक्ष दिनेशचंद मेहता एवं सचिव वर्धमान भंडारी ने बताया कि शिविर का उद्देश्य आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना और गंभीर बीमारियों की समय पर पहचान सुनिश्चित करना था।

शिविर में जेआईईटी हॉस्पिटल, जोधपुर से आए विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने विभिन्न रोगों से पीड़ित मरीजों की जांच कर आवश्यक परामर्श एवं उपचार प्रदान किया। इनमें हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. पुनीत पटेल, श्वास एवं अस्थमा रोग विशेषज्ञ डॉ. यश माथुर, किडनी एवं मूत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. महेंद्र कुमार जांगिड़, कैंसर रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रतिक डागा, बाल एवं शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. सरिता चौधरी, हड्डी एवं जोड़ विशेषज्ञ डॉ. रजनीश गर्ग, ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. सलोनी सोलंकी तथा लेप्रोस्कोपी एवं जनरल सर्जरी विशेषज्ञ डॉ. कमलेश सोनी शामिल रहे।
शिविर के दौरान मरीजों को स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण सलाह दी गई तथा जरूरतमंदों को आगे के उपचार के लिए मार्गदर्शन भी प्रदान किया गया।
इस अवसर पर रोटरी क्लब के कई सदस्य एवं पदाधिकारी मौजूद रहे, जिनमें धर्मेंद्र मोहनोत, अक्षय भंडारी, सहायक प्रांतपाल राजेन्द्र सुराना, राजकुमार मेड़तिया, मूलचंद संकलेचा, तरुण मेहता और विकास जैन सहित अन्य का विशेष सहयोग रहा। आयोजकों ने बताया कि भविष्य में भी इस प्रकार के जनहितकारी स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर आमजन को लाभ पहुंचाया जाएगा।



