पाली : स्वास्थ्य सेवाओं पर कलेक्टर सख्त, संस्थागत प्रसव, टीकाकरण और योजनाओं की समयबद्ध प्रगति के निर्देश

पाली : जिला स्वास्थ्य समिति की महत्वपूर्ण बैठक शनिवार को स्वास्थ्य भवन में जिला कलेक्टर डॉ. रविंद्र गोस्वामी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में चिकित्सा विभाग की विभिन्न योजनाओं की ब्लॉकवार समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को लक्ष्य आधारित कार्य कर समयबद्ध प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से उपखंड अधिकारियों से जुड़े कलेक्टर गोस्वामी ने स्पष्ट कहा कि प्रत्येक योजना की सेक्टर स्तर पर नियमित समीक्षा की जाए और चिकित्सा संस्थानों की मॉनिटरिंग को और अधिक प्रभावी बनाया जाए।
उन्होंने संस्थागत प्रसव को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए कहा कि शत-प्रतिशत प्रसव चिकित्सा संस्थानों में ही सुनिश्चित किए जाएं। इसके लिए स्वास्थ्य कर्मियों को आमजन का विश्वास जीतना होगा। कलेक्टर ने सब सेंटर स्तर तक प्रसव सेवाएं उपलब्ध कराने और आवश्यकता पड़ने पर टेली-कंसल्टेशन के माध्यम से विशेषज्ञ सहयोग लेने के निर्देश भी दिए।
टीकाकरण कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए उन्होंने लक्ष्य प्राप्ति में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही बेहतर कार्य करने वाले चिकित्सा कार्मिकों को प्रोत्साहित करने और लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की बात कही।
बैठक में लाडो योजना, मुख्यमंत्री आयुष्मान योजना, 108 एम्बुलेंस सेवाएं तथा राजस्थान मेडिकेयर रिलीफ सोसायटी की बैठकों को नियमित रूप से आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए। कलेक्टर ने माह के अंतिम सप्ताह में विशेष अभियान चलाकर लक्ष्य पूर्ति सुनिश्चित करने के लिए उपखंड अधिकारियों को निर्देशित किया।
बैठक की शुरुआत में सीएमएचओ डॉ. विकास मारवाल ने जिले में संचालित स्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति की जानकारी दी। इस दौरान प्रशिक्षु आईएएस बिरजू गोपाल, बांगड़ अस्पताल अधीक्षक डॉ. कैलाश परिहार सहित चिकित्सा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी और अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया।



