
बाली : नाना थाना क्षेत्र के काला गढ़ा में आकाशीय बिजली गिरने से बड़ा हादसा हो गया। हादसे में पशुपालक रताराम (55) पुत्र मदारिया भीमाणा की मौत हो गई, साथ ही उसकी 10 बकरियां भी झुलसकर मर गईं।

रताराम गुरुवार को अपनी बकरियों को चराने खेत में गया था। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजन उसकी तलाश में निकले और खेत में उसका शव बकरियों के मृत शवों के साथ पड़ा मिला। सूचना पर नाना थाना अधिकारी रतन सिंह देवड़ा के निर्देशन में हेड कांस्टेबल राजेंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सुपुर्द किया गया।



