पाली : मानसून से पहले नगर निगम ने शुरू किया सफाई अभियान, प्राचीन बावड़ी और सिरेघाट में जुटे 150 कर्मी

पाली : शहर के ऐतिहासिक जलस्रोतों को संवारने और आगामी मानसून से पहले जल संग्रहण की व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गुरुवार सुबह नगर निगम की ओर से प्राचीन बावड़ी और सिरेघाट क्षेत्र में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। अभियान की अगुवाई स्वयं नगर निगम आयुक्त नवीन भारद्वाज ने की, जो निगम अधिकारियों व सफाईकर्मियों के साथ दो घंटे तक सफाई कार्य में जुटे रहे।
आयुक्त भारद्वाज ने बताया कि बारिश का पानी एकत्र करने के लिए जल स्रोतों की सफाई जरूरी है। इस अभियान में निगम के करीब 150 अधिकारी व कर्मचारी शामिल हुए। इसके साथ ही लखोटिया तालाब को स्वच्छ रखने के उद्देश्य से खंडित मूर्तियों और धार्मिक तस्वीरों के लिए अलग से विसर्जन व्यवस्था की जा रही है।
सिरेघाट पर सामाजिक संगठन और पार्षद नरेश मेहता की अगुवाई में सौंदर्यकरण कार्य भी किया जाएगा, जिसमें घाट की दीवारों पर सुंदर पेंटिंग बनाई जाएगी। साथ ही निगम द्वारा प्रर्याप्त लाइटिंग की व्यवस्था की जाएगी, जिससे यह स्थान पिकनिक पॉइंट के रूप में भी विकसित हो सके। नगर निगम ने शहरवासियों से अपील की है कि वे सफाई व्यवस्था में सहयोग करें, कचरा खुले में न फेंकें और जलस्रोतों को स्वच्छ बनाए रखने में अपनी भागीदारी निभाएं।