google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
देशबीकानेरब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

ड्रोन से गिराई गई 70 करोड़ की हेरोइन, हादसे ने खोला तस्करी नेटवर्क का राज, स्कूटर सवार निकल पाली का

बीकानेर : सीमावर्ती क्षेत्र में मादक पदार्थ तस्करी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां पाकिस्तान की ओर से ड्रोन के जरिए गिराई गई भारी मात्रा में हेरोइन को तस्कर उठाकर ले जा रहे थे। एक संदिग्ध सड़क हादसे ने पूरे नेटवर्क का भंडाफोड़ कर दिया।

पुलिस के अनुसार, घटना तब सामने आई जब एक स्कूटी सवार युवक गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला, जिसे उपचार के लिए पीबीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया। शुरुआत में मामला सामान्य सड़क दुर्घटना का प्रतीत हुआ, लेकिन मौके पर मिले बैग की तलाशी ने पूरे घटनाक्रम को पलट दिया।

बैग से तीन पैकेटों में करीब 14 किलो हेरोइन बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 70 करोड़ रुपये आंकी जा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि तस्कर ड्रोन से गिराई गई खेप को उठाकर ले जा रहा था, तभी अचानक सामने आई नीलगाय से टकराकर हादसे का शिकार हो गया।

हादसे के कारण वह आगे नहीं बढ़ सका और मौके पर ही गिर पड़ा, जिससे पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी। पुलिस और खुफिया एजेंसियों को आशंका है कि यह खेप सीमा पार से ड्रोन के माध्यम से गिराई गई थी। हाल के समय में बॉर्डर इलाकों में ड्रोन के जरिए हथियार और नशीले पदार्थ गिराने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए बीएसएफ और स्थानीय पुलिस संयुक्त जांच में जुट गई हैं। यह पता लगाया जा रहा है कि ड्रोन कहां से उड़ाया गया और इस पूरे नेटवर्क में किन-किन लोगों की संलिप्तता है।

प्रारंभिक जांच में स्थानीय तस्कर गिरोह की भूमिका संदिग्ध मानी जा रही है। साथ ही यह भी खंगाला जा रहा है कि क्या इससे पहले भी इस क्षेत्र में इस प्रकार की ड्रोन ड्रॉपिंग हुई है और इसके पीछे कोई बड़ा अंतरराष्ट्रीय सिंडिकेट सक्रिय है।

घटना ने एक बार फिर सीमावर्ती इलाकों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल घायल तस्कर अस्पताल में भर्ती है और उससे पूछताछ जारी है। पुलिस का मानना है कि यह सिर्फ एक कड़ी है और जल्द ही पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जाएगा।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button